फरीदाबाद-गुरुग्राम के बीच रोज सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। बड़खल क्षेत्र के विधायक धनेश अधलखा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिख दोनों शहरों के बीच स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा को जनहित में खत्म करने की मांग की है। समय सीमा खत्म होने वाली है: विधायक ने पत्र में दलील दी है कि इस टोल प्लाजा की निर्धारित समय सीमा जल्द ही पूरी होने वाली है। ऐसे में यदि सरकार इसे आगे न बढ़ाकर बंद कर देती है तो यह जनहित में बेहद सराहनीय कदम होगा। उन्होंने कहा कि टोल की मियाद पूरी होने के बाद भी इसे चलाना जनता पर अनावश्यक बोझ डालने जैसा होगा। जाम से जनता परेशान, ईंधन की बर्बादी: विधायक ने पत्र में लिखा कि फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग एनसीआर का सबसे व्यस्त रूट है। रोज हजारों वाहन इस टोल से गुजरते हैं। पीक ऑवर्स में यहां लंबा जाम लग जाता है। इससे लोगों का कीमती समय तो बर्बाद होता ही है, साथ ही गाड़ियां खड़ी रहने से डीजल-पेट्रोल भी फिजूल खर्च होता है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी और आम लोग रोज इस परेशानी से जूझते हैं। सरकार की छवि के लिए अच्छा कदम:
धनेश अधलखा ने सीएम से आग्रह किया कि यदि यह टोल जनहित में खत्म किया जाता है तो इससे सरकार की छवि और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से इस टोल को हटाने की मांग कर रही है। समय सीमा पूरी होने पर टोल हटाना सरकार के जन-समर्थक फैसले को दर्शाएगा। लोगों की भी मांग है इसे खत्म करने की: स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों शहरों के बीच रोज अप-डाउन करने वालों के लिए टोल बड़ा आर्थिक बोझ है। महीने में 20-22 दिन सफर करने पर हजारों रुपए टोल में चले जाते हैं। जाम के कारण 15-20 मिनट अतिरिक्त लगते हैं। टोल हटने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी। अब सबकी निगाहें सीएम सैनी के फैसले पर टिकी हैं। यदि सरकार विधायक की मांग मान लेती है तो एनसीआर के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
Source link

