दिल्ली में ऑटो-टैक्सी चालकों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ एवं प्रदेश टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। महामंत्री राजेंद्र सोनी और अध्यक्ष जगदीश प्रधान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सीएनजी की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ाने की मांग की। साथ ही बिना परमिट निजी नंबर की बाइक टैक्सियों के संचालन पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। बैठक में आईएसबीटी कश्मीरी गेट यूनियन के महामंत्री राजवीर शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ऑटो-टैक्सी की फिटनेस जांच के लिए ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की व्यवस्था वापस लेने की मांग की। यूनियन का कहना था कि दिल्ली में इलेक्ट्रिक ऑटो नीति लागू करने के लिए अभी पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नीति लागू करने की समयसीमा बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि चालकों को तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। इसके अलावा चालकों के लिए जल्द कल्याण बोर्ड गठित करने, आधार कार्ड और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र में नाम की मामूली गलतियों के कारण उनका काम नहीं रोकने की मांग की गई। फिटनेस जांच में वाहन फेल होने पर दोबारा लिए जाने वाले 900 रुपए के शुल्क से छूट देने का मुद्दा भी उठाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर विचार कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
Source link

