श्रीगंगानगर में ईद-उल-अजहा के मौके पर गुरुवार सुबह पुरानी आबादी स्थित ईदगाह में रौनक छाई रही। सुबह 7:30 बजे मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान सैकड़ों सिर एक साथ सजदे में झुक गए। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद की खुशी पूरे शहर में छाई रही। समुदाय के लोगों ने अपने-अपने घरों में ईद की दावत भी दी। इस बार कुर्बानी के बकरों की खरीदारी में खासी तेजी रही। गोल बाजार और पुरानी आबादी के इलाकों में बकरों की चहल-पहल देखी गई। व्यापारियों ने बताया कि पिछले साल जो बकरा 10 से 15 हजार रुपए में आसानी से उपलब्ध हो जाता था, उसी की कीमत इस बार 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंच गई है। इसके अलावा ईद के स्वाद को पूरा करने के लिए लोगों ने सेवई, फेनी, ताजे फल और सूखे मेवों की भरपूर खरीदारी की। बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल रही। शहरवासियों ने इस मौके पर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी दिया।
Source link

