Last Updated:
भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण और डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं. इस घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. माना जा रहा है कि यह सौदा जी के स्पोर्ट्स कारोबार को नई ऊंचाई दे सकता है.
नई दिल्ली. जी एंटरटेनमेंट ने सोमवार को ऐलान किया कि उसने भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं. यह टूर्नामेंट 11 जून 2026 से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में शुरू होगा. इस बार विश्व कप पहले से बड़ा होगा क्योंकि इसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी. मैचों का प्रसारण जी के नए स्पोर्ट्स चैनल ‘Unite8 Sports’ पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल दर्शक Zee5 पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे. इस डील को कंपनी के स्पोर्ट्स पोर्टफोलियो के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
ऐलान के बाद शेयर बाजार में दिखा उत्साह
फीफा के साथ साझेदारी की खबर आते ही निवेशकों ने जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में खरीदारी शुरू कर दी. सोमवार को कंपनी का शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 6.4 प्रतिशत तक उछल गया. बाद में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली, लेकिन शेयर फिर भी मजबूती के साथ कारोबार करता रहा. दोपहर बाद यह करीब 5.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.51 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े खेल आयोजनों के प्रसारण अधिकार मीडिया कंपनियों के लिए विज्ञापन और दर्शक संख्या दोनों बढ़ाने का अवसर बनते हैं.
2030 वर्ल्ड कप समेत कई बड़े टूर्नामेंट भी शामिल
यह समझौता केवल फीफा वर्ल्ड कप 2026 तक सीमित नहीं है. जी को फीफा वर्ल्ड कप 2030 के साथ-साथ पुरुष, महिला और युवा वर्ग की कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के प्रसारण अधिकार भी मिले हैं. इससे कंपनी को आने वाले वर्षों में लगातार बड़े फुटबॉल आयोजनों का फायदा मिलेगा. लंबे समय की यह साझेदारी जी को भारत में फुटबॉल प्रसारण के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल कर सकती है.
फुटबॉल की संभावनाओं पर भरोसा
जी एंटरटेनमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाना कंपनी के लिए गर्व की बात है. उनके अनुसार फुटबॉल ऐसा खेल है जो क्षेत्र, भाषा और उम्र की सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ता है. उन्होंने कहा कि मीडिया अधिकार खरीदने और समर्पित स्पोर्ट्स चैनल शुरू करने का फैसला इस खेल की दीर्घकालिक संभावनाओं पर कंपनी के भरोसे को दर्शाता है. उनका मानना है कि फीफा के साथ साझेदारी से कंपनी विकास और लाभप्रदता दोनों को आगे बढ़ा सकेगी.
भारत फीफा के लिए क्यों है इतना अहम बाजार
फीफा के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रोमी गाई ने भारत को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बाजार बताया. उन्होंने कहा कि देश में युवा और उत्साही दर्शकों की बड़ी संख्या फुटबॉल के विकास के लिए शानदार अवसर प्रदान करती है. फीफा के आंकड़ों के अनुसार, कतर में आयोजित 2022 फीफा वर्ल्ड कप के दौरान भारत का योगदान वैश्विक टेलीविजन दर्शक संख्या में 2.9 प्रतिशत था. यह चीन के बाद सबसे अधिक सहभागिता वाले देशों में शामिल रहा. भारत में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलाकर लगभग 74.5 करोड़ दर्शकों ने टूर्नामेंट देखा था, जबकि केवल टेलीविजन पर करीब 8.4 करोड़ लोगों ने मुकाबलों का आनंद लिया. यही वजह है कि फीफा भारत को अपने सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से बढ़ते बाजारों में गिनता है.
About the Author
Rakesh Singh is a chief sub editor with 14 years of experience in media and publication. International affairs, Politics and agriculture are area of Interest. Many articles written by Rakesh Singh published in …और पढ़ें

