पटना: अगर रोज-रोज आलू, भिंडी, लौकी या दूसरी सामान्य सब्जियां खाकर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो आलू-पनीर से भरी शिमला मिर्च आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकती है. यह डिश स्वाद का शानदार मेल है. बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से मसालेदार आलू-पनीर स्टफ्ड यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर में आसानी से मौजूद इंग्रेडिएंट्स से ही यह स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किया जा सकता है. अगर घर में मेहमान आने वाले हों या फिर आप वीकेंड पर कुछ खास बनाना चाहते हों, तो यह डिश आपकी प्लेट की शान बढ़ा सकती है.
शिमला मिर्च के साथ आलू-पनीर का शानदार कॉम्बिनेशन
सबसे पहले शिमला मिर्च को अच्छी तरह धोकर बीच से दो हिस्सों में काट लें. इसके बाद उबलते पानी में 5 से 7 मिनट तक हल्का सा पकाएं ताकि वह थोड़ी नरम हो जाए और पकाने के दौरान आसानी से सुनहरी हो सके. इसी दौरान 3 से 4 उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें.
अब आलू में कुटा हुआ लहसुन, नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और आमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इसमें मैश किया हुआ पनीर मिलाएं और एक स्वादिष्ट मिश्रण तैयार करें. यह मिश्रण न सिर्फ स्वाद को बढ़ाता है, बल्कि डिश को पौष्टिक भी बनाता है. आखिर में बारीक कटा प्याज डालें. प्याज को अंत में डालने का कारण यह है कि वह पानी छोड़ता है, जिससे स्टफिंग की बनावट खराब हो सकती है और मिश्रण ज्यादा गीला हो सकता है.
कम तेल में तैयार होगी स्वादिष्ट डिश
सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर स्टफिंग तैयार कर लें. उबली हुई शिमला मिर्च को पानी से निकालकर अच्छी तरह सुखा लें. हल्का ठंडा होने पर उसमें तैयार आलू-पनीर का मिश्रण भर दें. ध्यान रखें कि भराई अच्छी तरह दबाकर करें ताकि पकाते समय वह बाहर न निकले.
अब एक पैन में थोड़ा सा सरसों या रिफाइंड तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर भरी हुई शिमला मिर्च को सावधानी से पैन में रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं. जब ऊपर हल्की सुनहरी और कुरकुरी परत दिखाई देने लगे, तब इसे निकाल लें. चाहें तो इसे ढककर कुछ मिनट और पका सकते हैं. इससे शिमला मिर्च अंदर तक अच्छी तरह नरम हो जाए.
रोटी,पराठा या नान, हर चीज के साथ लाजवाब
इस तरह तैयार है आपकी स्वादिष्ट आलू-पनीर भरी हुई शिमला मिर्च. ऊपर से थोड़ा चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और ताजा हरा धनिया डालकर इसे गर्मागर्म परोसें. यह डिश रोटी, पराठे, नान या फिर सादे चावल के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है. मसालों और पनीर से भरपूर इसका जायका खाने वालों को उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देगा. एक बार इसे घर में बनाने के बाद परिवार के सदस्य बार-बार इसकी फरमाइश जरूर करेंगे.

