पूर्णिया यूनिवर्सिटी के सामने हुए चर्चित एनकाउंटर मामले में फरार मुख्य आरोपी साहिल सौरभ पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार को भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने रघुवंशनगर थाना क्षेत्र के मोज्जमपट्टी गांव स्थित उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया है। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में मुनादी भी कराई गई। टीम में एसआई संजीत कुमार, पीएसआई गुलशन कुमार और रघुवंशनगर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे। ग्रामीणों की मौजूदगी में आरोपी के घर पर कोर्ट का नोटिस चस्पा किया गया और चेतावनी दी गई कि जल्द सरेंडर नहीं करने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
केस के अनुसंधानकर्ता एसआई संजीत कुमार ने बताया कि 29 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वांटेड अपराधी पूर्णिया विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने स्थित एक निर्माणाधीन मकान में जमा हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर के. हाट और मधुबनी थाना की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से विश्वविद्यालय और कॉलेज चौक इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मौके से पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि गिरोह का सरगना और इस मामले का मुख्य आरोपी साहिल सौरभ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
पुलिस का कहना है कि अदालत के आदेश पर इश्तेहार तामील करा दिया गया है। अगर आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

