Friday, June 19, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशयुवकों ने की अभद्रता फिर नर्स ने बोतल फेंक मारी: कृषि...

युवकों ने की अभद्रता फिर नर्स ने बोतल फेंक मारी: कृषि मंत्री के साथ फोटो दिखाकर नौकरी से हटाने की दी धमकी; मुरैना में पहले इलाज की मांग पर हंगामा – Morena News




मुरैना जिला अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में गुरुवार दोपहर इलाज को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक भर्ती मरीज को ड्रिप लगाने की मांग को लेकर दो युवकों और ड्यूटी पर तैनात नर्स के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने नर्स के साथ अभद्रता की, भद्दे कमेंट किए और खुद को भाजपा नेता बताते हुए नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। वहीं विवाद बढ़ने पर नर्स ने भी एक युवक पर ड्रिप की बोतल फेंक दी और गुस्से में अपशब्द कह दिए। मामला अस्पताल चौकी से होते हुए कोतवाली थाने तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। गंभीर मरीज को अटेंड कर रही थी नर्स जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर मेल मेडिकल वार्ड में ड्यूटी नर्स एक गंभीर हालत में भर्ती किए गए नए मरीज को अटेंड कर रही थी। वह मरीज को भर्ती करने और ड्रिप लगाने की तैयारी में जुटी थी। इसी दौरान वार्ड में पहले से भर्ती एक मरीज का अटेंडर वहां पहुंचा और अपनी तरफ से पहले ड्रिप लगाने की मांग करने लगा। नर्स ने युवक से कुछ देर इंतजार करने को कहा और बताया कि पहले गंभीर मरीज का उपचार करना जरूरी है। लेकिन युवक बार-बार अपने मरीज को प्राथमिकता देने की बात करता रहा। दूसरा युवक पहुंचा, बढ़ा विवाद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद युवक का एक अन्य साथी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने नर्स पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए भद्दे कमेंट करने लगे। नर्स ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि उन्हें इतनी जल्दी है तो वे मरीज को निजी अस्पताल ले जा सकते हैं, क्योंकि सरकारी अस्पताल में गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देना जरूरी होता है। भाजपा नेता और मंत्री का करीबी बताकर दी धमकी नर्स का आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने खुद को भाजपा से जुड़ा हुआ बताया और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के साथ अपनी तस्वीर दिखाते हुए उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि युवक लगातार अपना राजनीतिक प्रभाव दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होते ही भड़की नर्स विवाद के दौरान युवकों में से एक ने मोबाइल निकालकर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वीडियो में युवक बार-बार नर्स से पूछता दिखाई दे रहा है कि वह ड्रिप क्यों नहीं बदल रही है। रिकॉर्डिंग शुरू होने और लगातार बहस बढ़ने के बीच नर्स अपना आपा खो बैठी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नर्स ने हाथ में मौजूद ड्रिप की बोतल युवक की ओर फेंक दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। वीडियो में क्या-क्या हुआ वायरल वीडियो के अनुसार युवक नर्स से लगातार कहता सुनाई दे रहा है कि वह मरीज की बोतल क्यों नहीं बदल रही है। इसी दौरान रिकॉर्डिंग देख नर्स नाराज हो जाती है और फोन पर हाथ मार देती है साथ ही हाथ में ली बोतल युवक की तरफ फेंक देती है। इसके बाद युवक कहता है कि “मैडम ने मुझे बोतल मारी है।” वीडियो में दोनों युवकों के बीच बातचीत भी सुनाई देती है, जिसमें एक युवक दूसरे से पूछता है कि क्या हुआ, तो जवाब मिलता है कि नर्स ने बोतल मारी है। इसके बाद युवक नर्स से सवाल करता है कि उसने ऐसा क्यों किया। वहीं नर्स भी युवकों की हरकतों पर नाराजगी जताती दिखाई देती है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप सुनाई देते हैं। अस्पताल चौकी और थाने तक पहुंचा मामला विवाद बढ़ने के बाद मामला अस्पताल चौकी तक पहुंच गया। बाद में ड्यूटी नर्स ने कोतवाली थाने पहुंचकर युवकों के खिलाफ अभद्रता करने, धमकी देने और काम में बाधा पहुंचाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर युवकों ने भी अस्पताल प्रबंधन से शिकायत करते हुए नर्स के व्यवहार पर सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच की मांग की है। नर्सों ने भी जताई नाराजगी अस्पताल स्टाफ का कहना है कि वार्ड में लगातार मरीजों का दबाव रहता है और सीमित स्टाफ के बीच सभी मरीजों को एक साथ अटेंड करना संभव नहीं होता। ऐसे में गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देना चिकित्सा व्यवस्था का हिस्सा है। कुछ कर्मचारियों का कहना है कि वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले युवकों और नर्स के बीच काफी देर तक बहस हुई थी और कथित तौर पर नर्स को उकसाया गया था, जिसके बाद उसने अपना धैर्य खो दिया। सिविल सर्जन बोले- दोनों पक्षों की शिकायत की जांच होगी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि युवकों ने नर्स की शिकायत की है, जबकि नर्स ने भी युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नर्स की ओर से कोतवाली थाने में आवेदन दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पहले से ही स्टाफ की कमी है और मरीजों का दबाव लगातार बना रहता है। शिकायतकर्ता का मरीज पहले से भर्ती था, जबकि उसी समय एक गंभीर मरीज वार्ड में लाया गया था। ऐसे में गंभीर मरीज को प्राथमिकता देना स्वाभाविक था। डॉ. तोमर ने कहा कि नर्सिंग का कार्य धैर्य और मानव सेवा से जुड़ा होता है। आखिर विवाद क्यों हुआ और किसकी कितनी गलती है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments