नर्मदापुरम में अवैध शराब की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। देहात थाना पुलिस ने बुधवार को कुलामड़ी पवारखेड़ा बायपास रोड पर एक कार से 3.55 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब जब्त की है। मामले में पुलिस ने कार चला रहे भोपाल निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की है। थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सिल्वर रंग की टाटा टियागो कार से भोपाल की तरफ से अवैध शराब लेकर आ रहा है। तत्काल पुलिस की एक टीम को कुलामड़ी बायपास रोड पर चेकिंग के लिए भेजा गया। कुछ देर बाद टीम ने संदिग्ध टियागो कार (नंबर MP04 CT 7529) को रोककर उसकी तलाशी ली। कार की डिक्की खोलने पर उसमें खाकी रंग के 9 कार्टून रखे मिले। इन पेटियों में कुल 446 क्वार्टर देसी शराब भरी हुई थी, जिसकी कीमत 3.55 लाख रुपए है। डिलीवरी देने से पहले ही पकड़ में आया आरोपी
पुलिस की पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम चंद्रेश गौर (36) पिता स्व. द्वारका प्रसाद गौर बताया। आरोपी भोपाल के कोलार इलाके स्थित सर्वधन कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपी चंद्रेश ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह भोपाल से नर्मदापुरम में शराब की डिलीवरी देने के लिए आया था। हालांकि, माल खपाने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आबकारी एक्ट में केस दर्ज, टीम की अहम भूमिका
पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध शराब और कार को जब्त कर लिया है। चंद्रेश के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में देहात थाने के सब-इंस्पेक्टर खुमान सिंह पटेल, एएसआई प्रवीण शर्मा, प्रधान आरक्षक नवीन दुबे, आरक्षक कपिल विश्वकर्मा और जितेंद्र सिंह राजपूत की अहम भूमिका रही।
Source link
कार की डिक्की में 3.55 लाख की शराब, तस्कर गिरफ्तार: भोपाल से डिलीवरी देने नर्मदापुरम आया था आरोपी; घेराबंदी कर दबोचा – narmadapuram (hoshangabad) News
RELATED ARTICLES

