Last Updated:
Makhana Chaat Recipe: अक्सर लोग मखाने को भूनकर, दूध में डालकर या इसकी खीर बनाकर खाते हैं. लेकिन अगर आप कुछ नया और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो मखाना चाट जरूर बनाएं. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है और कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है.
अगर शाम की हल्की भूख में आप कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो मखाना चाट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. मखाना, जिसे फॉक्स नट या कमल गट्टा भी कहा जाता है, पोषक तत्वों से भरपूर होता है. इसमें कैलोरी कम और जरूरी विटामिन व मिनरल्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी एक हेल्दी स्नैक माना जाता है.
100 ग्राम मखाना में लगभग 347 से 362 कैलोरी, करीब 9.7 ग्राम प्रोटीन, 76.9 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 14.5 ग्राम डाइटरी फाइबर होता है. इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे जरूरी मिनरल्स भी मौजूद होते हैं. यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है और बार-बार लगने वाली भूख को भी कम कर सकता है. इसे आप चाटे के रूप में भी खा सकते हैं. यहां जानें इसे बनाने की पूरी रेसिपी-
मखाना चाट बनाने के लिए सामग्री
1½ कप मखाना
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच आमचूर पाउडर
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
¼ छोटा चम्मच नमक
2 बड़े चम्मच बारीक कटा टमाटर
2 बड़े चम्मच बारीक कटा प्याज
2 बड़े चम्मच बारीक कटा खीरा
2 बड़े चम्मच हरी चटनी
2 बड़े चम्मच इमली की चटनी
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
2 बड़े चम्मच भुनी हुई मूंगफली
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और उसमें मखानों को बिना ज्यादा तेल के कुरकुरा होने तक भून लें. जब मखाने अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाएं, तो उन्हें अलग निकाल लें.
- अब एक बड़े बाउल में लाल मिर्च पाउडर, आमचूर, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद इसमें कटे हुए टमाटर, प्याज और खीरा डालें. अब हरी चटनी और इमली की चटनी मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें.
- इसके बाद भुने हुए मखाने इस मिश्रण में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि मसाले और चटनी मखानों पर अच्छी तरह चढ़ जाएं. आखिर में ऊपर से हरा धनिया और भुनी हुई मूंगफली डालकर एक बार फिर मिक्स करें.
- अब आपकी स्वादिष्ट, कुरकुरी और हेल्दी मखाना चाट तैयार है. इसे तुरंत परोसें, ताकि मखाने की कुरकुराहट बनी रहे. यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है और शाम के नाश्ते के लिए एक बेहतरीन हेल्दी विकल्प साबित हो सकती है.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें

