आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता और उसके साथियों के साथ दिनदहाड़े मारपीट, पथराव और मोटरसाइकिलें छीनने का मामला सामने आया है। बुधवार को हुई इस वारदात के विरोध में गुरुवार को बोरी नगर के व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी दुकानें बंद रखी और बाजार बंद का आह्वान किया। पुलिस के अनुसार, बोरी इमली चौक निवासी और लहसुन-प्याज के कारोबारी फरियादी दुर्गेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुर्गेश बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर प्याज का थैला रखकर दुकान की तरफ जा रहा था। तभी जैन मंदिर के सामने उसे जितेंद्र, मुकेश और उनके दो अन्य साथी मिले। साइड से चलने की बात को लेकर आरोपियों ने दुर्गेश की चलती बाइक में लात मार दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुर्गेश ने गाली देने से मना किया, तो जितेंद्र और मुकेश ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। अपने दोस्त को मुसीबत में देख जब रोहित और दीपक बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने चूलिया रोड पर उन पर भी पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में रोहित के सिर और दीपक के सिर और पीठ पर चोटें आई हैं। फालिया-गोफन दिखाकर दी धमकी, दो बाइक भी लूटीं फरियादी दुर्गेश ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने धारदार हथियार फालिया और गोफन दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही आरोपी मौके से रोहित की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP-69-ZC-2707) और दुर्गेश की पल्सर मोटरसाइकिल (MP-09-VN-6884) भी जबरन अपने साथ लूट ले गए। इस पूरी वारदात के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में रोहित, संदीप और विशाल के नाम भी पुलिस रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज, व्यापारियों में भारी आक्रोश वारदात के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए बोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इसके बाद फरियादी अपने साथियों के साथ बोरी थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। इधर, दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी की घटना से बोरी नगर के व्यापारियों में भारी गुस्से और डर का माहौल देखा गया। आरोपियों की इस हरकत के खिलाफ गुरुवार को नगर पूरी तरह बंद रहा और बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की पुरजोर मांग की है।
Source link
सब्जी विक्रेता से दिनदहाड़े मारपीट, दो बाइक लूटी: साइड से चलने की बात को लेकर पीटा, आलीराजपुर में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा – alirajpur News
RELATED ARTICLES

