Monday, November 23, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशसॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने देवास से भोपाल गया था बेटा: बुलेट डिवाइडर...

सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने देवास से भोपाल गया था बेटा: बुलेट डिवाइडर से टकराई, मौत; पिता बोले- हमारी तो दुनिया ही उजड़ गई – Dewas News


देवास शहर के रहने वाले संजीव नागर के बेटे आर्थव की भोपाल में बुलेट डिवाइडर से टकरा गई, हादसे में उसकी मौत हो गई।

.

हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। आंखों में बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए पिता को अब ताउम्र उसकी यादों के सहारे ही जिंदगी बितानी होगी। आर्थव बीटेक की पढ़ाई पूरी कर एक सफल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता था। अपने इस लक्ष्य को पाने के लिए उसने दो साल तक कड़ी मेहनत कर तैयारी की थी और इसी साल देश के प्रतिष्ठित संस्थान मैनिट भोपाल में दाखिला लिया था।

परिवार को पूरी उम्मीद थी कि बेटा पढ़-लिखकर अपने और घरवालों के सपने पूरे करेगा, लेकिन भोपाल की पुरानी जेल घाटी में हुए सड़क हादसे ने सब कुछ छीन लिया। शनिवार को भोपाल से देवास के न्यू देवास स्थित घर पर आर्थव का शव लाया गया, जिसके बाद से परिवार में मातम पसरा है।

रविवार को परिजन से बातचीत के दौरान आर्थव के अधूरे सपनों और घरवालों से हुई उसकी आखिरी बातचीत की भावुक कहानी सामने आई।

कैसे हुआ हादसा

परिजन के मुताबिक, आर्थव शुक्रवार रात करीब 10 बजे MANIT हॉस्टल से रेंटल बुलेट लेकर घूमने निकला था। उसके साथ कुछ दोस्त भी थे। रात करीब 10:30 बजे पुरानी जेल घाटी उतरते समय उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आर्थव के सिर में गंभीर चोट आई। बाइक पर पीछे बैठी उसकी महिला मित्र भी घायल हो गई।

भोपाल में शव को पोस्टमार्टम कराया गया।

हादसे से कुछ घंटे पहले मां से की थी बात

पिता संजीव नागर ने बताया कि आर्थव दीपावली का त्योहार मनाने देवास आया था। घर पर करीब 10 दिन बिताने के बाद वह पिछले रविवार को ही भोपाल वापस लौटा था। जाते समय परिवार ने उससे एकादशी पर भी घर आने की बात कही थी।

संजीव बताते हैं कि शुक्रवार दोपहर करीब 3:15 बजे उनकी बेटे से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे आर्थव ने अपनी मां और बड़े भाई से भी बात की थी। उसने ऑनलाइन नए जूते मंगवाए थे और बेहद खुशी के साथ मां को उसी के बारे में बता रहा था। परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि बेटे से हुई यह बातचीत उनकी आखिरी बात साबित होगी।

आर्थव अपने पिता के साथ।

आर्थव अपने पिता के साथ।

रोज रात वीडियो कॉल पर होती थी बात

पिता ने बताया कि परिवार में रोज रात 11 से 11:30 बजे के बीच आर्थव से वीडियो कॉल पर बात करने की दिनचर्या थी। हॉस्टल के कमरे में पहुंचने के बाद वह रोजाना करीब 15 से 20 मिनट परिवार से बात करता था। शुक्रवार रात भी उन्होंने बेटे को फोन लगाया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। कई बार फोन लगाने पर उसका मोबाइल कभी कवरेज से बाहर बताने लगा।

कुछ देर बाद जब दोबारा फोन लगा, तो आर्थव के साथ बाइक पर मौजूद उसकी महिला मित्र ने कॉल उठाया और रोते हुए बताया कि “अंकल, आर्थव का एक्सीडेंट हो गया है। हम उसे हमीदिया अस्पताल लेकर आए हैं, आप जल्दी पहुंचिए।”

यह सुनते ही संजीव के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत भोपाल में रहने वाले अपने परिचित प्रशांत को फोन कर अस्पताल पहुंचने को कहा और अन्य रिश्तेदारों को भी सूचना दी। इसके बाद परिवार भोपाल पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आर्थव को बचाया नहीं जा सका।

आर्थव की परिवार के साथ तस्वीर। परिवार वाले आर्थव से रोज कॉल पर बात करते थे।

आर्थव की परिवार के साथ तस्वीर। परिवार वाले आर्थव से रोज कॉल पर बात करते थे।

पिता बोले- हमारी जिंदगी ही खत्म हो गई

जवान बेटे को खोने का दर्द बयां करते हुए पिता संजीव नागर ने कहा कि आर्थव ने दो साल तक दिन-रात मेहनत कर पढ़ाई की थी। उसकी आंखों में कई बड़े सपने थे, वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता था। परिवार ने भी उसके भविष्य के लिए ढेरों उम्मीदें संजो रखी थीं, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। गमगीन पिता ने कहा, “अब सब कुछ खत्म हो गया है, हमारी तो जिंदगी ही खत्म हो गई। अब हमारे पास सिर्फ बेटे की यादें ही बाकी रह गई हैं।”



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments