Last Updated:
No Maida Samosa Recipe: समोसे सिर्फ मैदे के बनते हैं, कम से कम ज्यादातर लोगों ने तो बचपन से यही देखा होगा. लेकिन अब ऐसा नहीं है. आप समोसे को हेल्दी टच भी दे सकते हैं. मैदा खाना सेहत के लिए नुकसानदेह माना जाता है, ऐसे में यदि आप अपने बैलेंस्ड डाइट में समोसे को एड करना चाहते हैं, तो इसे रागी के आटे से बनाएं. यहां जानिए पूरी रेसिपी.
बरसात के मौसम में शाम की चाय के साथ गरमागरम और कुरकुरे समोसे खाने का मजा ही अलग होता है. हालांकि, पारंपरिक समोसे आमतौर पर मैदा से बनाए जाते हैं और तेल में डीप फ्राई किए जाते हैं, इसलिए हेल्दी डाइट फॉलो करने वाले लोग इन्हें खाने से बचते हैं. लेकिन कुछ आसान कुकिंग हैक्स अपनाकर आप समोसे को थोड़ा हेल्दी बना सकते हैं. इसके लिए रागी के आटे का इस्तेमाल एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है.
रागी में फाइबर, कैल्शियम, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इसे मैदा की तुलना में अधिक पौष्टिक बनाते हैं. खास बात यह है कि रागी से बने समोसे स्वाद में भी शानदार लगते हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं. अगर आप चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और थोड़ा हेल्दी स्नैक बनाना चाहते हैं, तो रागी समोसा एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
बिना मैदा समोसा कैसे बनाएं?
रागी समोसा बनाने के लिए सबसे पहले इसकी स्टफिंग तैयार करें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जब जीरे की खुशबू आने लगे, तब बारीक कटी हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का भून लें. इसके बाद इसमें हल्दी, नमक, उबले और मैश किए हुए आलू तथा हरी मटर डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं. आखिर में इमली का अर्क डालें, जिससे स्टफिंग में हल्का खट्टापन आ जाएगा. मिश्रण को ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
अब समोसे का आटा तैयार करें. एक बर्तन में रागी का आटा, थोड़ा सा आटा, जीरा, सौंफ, नमक और एक बड़ा चम्मच गर्म तेल डालें. धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए नरम और चिकना आटा गूंथ लें. आटे को कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह अच्छे से सेट हो जाए.
इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतला बेल लें. हर रोटी को बीच से काटकर कोन का आकार दें. इसमें तैयार आलू-मटर की स्टफिंग भरें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें ताकि तलते समय मिश्रण बाहर न निकले.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर समोसों को धीरे-धीरे डालें और सुनहरा भूरा तथा कुरकुरा होने तक तलें. तैयार समोसों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
रागी के ये समोसे स्वाद और कुरकुरेपन में पारंपरिक समोसों जैसे ही लगते हैं, लेकिन इनमें रागी के पोषक तत्वों का अतिरिक्त फायदा भी मिलता है. आप इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या मसाला चाय के साथ सर्व कर सकते हैं. अगली बार समोसा खाने का मन करे, तो मैदा वाले समोसे की जगह इस हेल्दी रागी समोसे को जरूर ट्राई करें.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…
और पढ़ें

