हनुमानगढ़ में एक युवक से रूस में वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 2.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पंजाब के 2 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोरगर मोहल्ला निवासी करमजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि वह रूस में नौकरी के लिए वर्क वीजा बनवाना चाहते थे। उनके रिश्तेदार जसपाल ने उनकी मुलाकात मोगा (पंजाब) निवासी देवेंद्र उर्फ सोढ़ी से करवाई। जसपाल ने दावा किया था कि देवेंद्र लंबे समय से लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। करमजीत सिंह के अनुसार जुलाई 2025 में उन्हें जालंधर स्थित एक कार्यालय बुलाया गया। वहां आरोपियों ने उनके शैक्षणिक दस्तावेज और पासपोर्ट अपने पास रख लिए। साथ ही, कई खाली कागजों और फॉर्मों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज, जांच शुरू
इसके बाद मेडिकल और वीजा प्रक्रिया का हवाला देकर उनसे 2.50 लाख रुपए की मांग की गई। आरोप है कि राशि देने के बावजूद वर्क वीजा नहीं बनवाया गया। बाद में आरोपियों ने उन्हें टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने और कुछ समय बाद उसे वर्क वीजा में बदलवाने का आश्वासन दिया। उन्हें 25 अगस्त 2025 को जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने और 26 अगस्त की फ्लाइट से रवाना होने के लिए कहा गया था। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने न तो अपना वादा पूरा किया और न ही रकम वापस लौटाई। खुद को ठगा महसूस करने पर करमजीत सिंह ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने मोगा निवासी देवेंद्र उर्फ सोढ़ी और जगराओं (लुधियाना) निवासी जसपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब दस्तावेजों, लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source link

