‘शालिनी और जीजा राजकुमार यादव ने 2 साल पहले पूर्णिया के बाघमारा में 2 कट्ठा जमीन करीब 32 लाख में खरीदी थी। जमीन बहन के नाम पर थी, जीजा ने उसमें करीब 10 लाख दिए थे, बाकी रुपए शालिनी ने लगाए थे। राजकुमार का कहना था कि उन्हें जमीन नहीं चाहिए, उन्हें10 लाख वापस चाहिए थे। इसी बात पर दोनों के बीच हमेशा मारपीट होती थी। 9 अगस्त की शाम भी इसी बात पर विवाद हुआ और राजकुमार ने शालिनी को गोली मार दी। जिसके बाद 9 साल के भांजे ने मुझे वीडियो कॉल किया था। मैंने देखा शालिनी को सीने में गोली लगी थी। उसकी सांसें चल रही थी। उसने बताया कि तुम्हारे जीजा गोली मारकर भाग गए हैं।’ ये जानकारी BPSC शिक्षिका शालिनी (32) के भाई विक्रम ने दी है। जिसके आरोपी जीजा राजकुमार (37) कॉपरेटिव बैंक में डाटा ऑपरेटर का काम करते थे, जो अभी फरार है। वारदात के हाट थाना क्षेत्र की है। टीचर के भाई ने एफआईआर में क्या लिखा, दोनों बच्चे कहां हैं, उन्होंने परिवार को घटना के बारे में क्या बताया, पढ़ें रिपोर्ट… पहले देखें परिवार की तस्वीर.. 12 साल पहले हुई थी शादी शालिनी और राजकुमारी की शादी 12 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। एक की उम्र 9 और दूसरे की 4 साल है। जिनके नाम परिजन ने नहीं बताए हैं। अभी ये दोनों नानी घर में हैं। परिजन बताते हैं कि शादी के बाद राजकुमार को बैंक में नौकरी मिली थी। वहीं, शालिनी की पिछले साल टीआरआई-3 से जॉब लगी। वो अररिया जिले के रानीगंज में पोस्टेड थी और प्लस-टू के स्टूडेंट्स को पढ़ाती थी। पूर्णिया के कॉलेज चौक के पास अपने पति और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थी। हत्या से पहले मारपीट की थी- भाई शालिनी के भाई विक्रम ने बताया, ‘राजकुमार और शालिनी के बीच 9 अगस्त की शाम करीब 5 बजे से ही मारपीट हो रही थी। शालिनी के साथ बच्चों को भी राजकुमार ने पीटा था। साढ़े 5 बजे राजकुमार घर से निकल गया था। जिसके बाद शालिनी ने वीडियो कॉल किया और मुझे मारपीट की जानकारी दी थी। उसके गाल पर थप्पड़े के निशान थे। उस वक्त मैं मुजफ्फरपुर में था। मुझे बहन की चिंता होने लगी। इसलिए थोड़े-थोड़े देर में बहन को कॉल करता रहा। लास्ट कॉल मैंने रात 8 बजे किया था। उस वक्त भांजे ने बताया कि हम पढ़ रहे हैं और मां खाना बना रही है। कुछ देर के बाद भांजे ने मुझे कॉल किया और बताया कि पापा ने मम्मी को गोली मार दी है।’ खून से लथपथ पड़ी थी शालिनी- मामा मृतका के मामा गौरीशंकर ने कहा, ‘मैं घर पर ही था। तभी मुझे विक्रम ने फोन कर घटना की जानकारी दी। मैं शालिनी के घर पहुंचा तो वो खून से लथपथ पड़ी हुई थी। बच्चे बगल में डरे-सहमे बैठे हुए थे। मैंने बच्चों को संभाला। बच्चों ने मुझे बताया कि पापा-मम्मी के बीच लड़ाई हुई थी। पापा मम्मी को बोल रहे थे कि आज तुमको खत्म कर देंगे। हमें लगा कि पापा गुस्से में ऐसे ही बोल रहे हैं। तभी पापा ने पिस्टल निकाली और मम्मी को गोली मार दी।’ राजकुमार सरल स्वभाव का था- सहकर्मी कॉपरेटिव बैंक में राजकुमार के कुछ सहकर्मियों ने नाम न बताते की शर्त पर कहा, ‘राजकुमार सामान्य कर्मी की तरह आता था। सबसे बातें किया करता था और काफी सरल स्वभाव का था। उसे देखकर ऐसा लगता था कि किसी तरह की समस्या नहीं है। उसके चेहरे पर तनाव नजर नहीं आता था। शुक्रवार को राजकुमार बैंक आया था। शनिवार को छुट्टी पर था। रविवार को पता चला कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है।’ अब जानें पुलिस की कार्रवाई और भाई ने एफआईआर में पुलिस को क्या बताया…. एफआईआर में दहेज प्रताड़ना का आरोप- एसडीपीओ पूर्णिया के सदर एसडीपीओ-1 अभिवन परासर ने बताया,’रविवार की रात के. हाट थाना क्षेत्र के कॉलेज चौक के पास रेणु नगर में शालिनी की हत्या हुई थी। उसके भाई विक्रम में थाने में आवेदन दिया है। जिसके आधार पर एफआईआर कर ली गई है। आवेदन में मृतका के भाई ने आरोपी राजकुमार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है।’ पोस्टमॉर्टम में बॉडी से 6 एमएम की बुलेट निकली फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। मृतका की बॉडी से 6 एमएम की गोली पोस्टमॉर्टम में निकली है। पिस्टल कहां से आई, राजकुमार ने पूरी प्लानिंग कर हत्या की या गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया। इन सब एंगल पर पुलिस अभी जांच कर रही है। दूसरी तरफ राजकुमार की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। शिक्षिका के अफेयर की भी चर्चा वहीं, दूसरी तरफ सूत्रों से पता चला है कि शालिनी का अफेयर चल रहा था। जिस स्कूल में पढ़ती थी, वहीं के किसी टीचर से अवैध संबंध थे। इस बात को लेकर भी दंपती के बीच झगड़ा होता था। अप्रैल में राजकुमार ने जहर खाकर सुसाइड की भी कोशिश की थी। इसके बाद शालिनी के घरवालों ने मामले में पंचायती की थी, मामले को शांत करा दिया था। इसके बाद भी शालिनी का अफेयर खत्म नहीं हुआ था। इस बात को लेकर राजकुमार में गुस्सा था।
Source link

