जोधपुर में बदमाशों ने ग्रामीण रूट पर चलने वाली बस में आग लगा दी। इस घटना CCTV सामने आया है। इसमें बदमाश बस में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
.
यह घटना महामंदिर थाना क्षेत्र में पावटा के पास मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है। बदमाश बाइक पर सवार होकर आए। इसके बाद बाइक से उतरकर तीनों ने डंडों से बस के कांच फोड़ने शुरू कर दिए। इस दौरान एक बदमाश बस के अंदर गया और बस में बैठे ड्राइवर को बाहर निकाल कर लाया। उसका मोबाइल भी ले लिया। बाद में उसकी आंखों के सामने बस में पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी।
इसके बाद बाइक पर बैठकर वापस भागने लगे। इस दौरान ड्राइवर ने उनसे अपना मोबाइल वापस देने की गुहार लगाई। आखिरकार बदमाश बस ड्राइवर को मोबाइल देकर वहां से फरार हो गए।
इधर इस पूरी घटना के दौरान मौके से कोचिंग इंस्टिट्यूट में पढ़ने वाली छात्रा भी निकल रही थी। वह काफी घबरा गई।
रूट पर चलने वाली बस पर रंजिश का मामला
महामंदिर थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया- फलोदी रूट पर चलने वाली बस पर ऑपरेटर के बीच में रंजिश है। इसी के तहत बस पर हमला किया गया है। इस मामले में बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि पहले भी प्रताप नगर और राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में दो बसों को जलाने का मामला भी सामने आया था। इसके बाद इस 1 हफ्ते में यह तीसरी वारदात सामने आई है।
बता दें कि दोपहर को पावटा के पास खड़ी प्राइवेट बस में बदमाशों ने आग लगा दी थी। इसके चलते बस के अंदर की बॉडी जल गई थी। हालांकि सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

