जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने बस में आग लगाने और मारपीट का मामले में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी मोस्ट वांटेड हिस्ट्रीशीटर है। आरोपियों की पहचान भूपेंद्रसिंह (29) पुत्र भरतसिंह निवासी गिंगाला, थाना खेड़ापा और हीरसिंह (30) पुत्र नैनसिंह निवासी श्री मोहनगढ़, जिला जैसलमेर के रूप में हुई है। आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों अब तक एक दर्जन से ज्यादा बसों को आग के हवाले कर चुके हैं। ड्राइवर ने कूदकर बचाई थी जान बता दें कि 4 अगस्त की रात चौपासनी स्कूल के पास खड़ी बस को आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया था। घटना के वक्त बस के अंदर सो रहे ड्राइवर विक्रम सिंह ने जैसे-तैसे खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। लोकेशन ट्रेस कर पकड़े आरोपी बस मालिक महिपाल सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर थानाधिकारी रवींद्रपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने चौपासनी और आसपास के इलाके के करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों का रूटमैप तैयार किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी भूपेंद्रसिंह पुलिस थाना खेड़ापा का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ 27 मामलों में चालान पेश हो चुका है और यह 5 मुकदमों में वांटेड चल रहा था। बाप पुलिस थाने से इस पर 10,000 रुपए का इनाम भी घोषित था। वहीं दूसरा आरोपी हीरसिंह पुलिस थाना श्री मोहनगढ़ जैसलमेर का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ 13 मामलों में चालान हो चुका है और यह भी 5 मामलों में वांटेड चल रहा था।
Source link

