Friday, August 21, 2026
Homeफूडनाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन? घर पर ऐसे बनाएं खस्ता...

नाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन? घर पर ऐसे बनाएं खस्ता बेड़मी पूरी, स्वाद में एकदम लाजवाब


Last Updated:

Bedami Puri Recipe: रोज-रोज साधारण पूरियां खाकर अगर स्वाद बदलने का मन है, तो इस बार बेड़मी पूरी ट्राई कर सकते हैं. उड़द की दाल, मसालों और आटे से तैयार होने वाली यह खस्ता पूरी उत्तर भारत के मशहूर नाश्तों में शामिल है. खासकर मथुरा और दिल्ली में इसका स्वाद लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है. गरमा-गरम बेड़मी पूरी के साथ रसेदार आलू की सब्जी, कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी या रायता मिल जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. बरसात के मौसम में इस देसी नाश्ते का मजा लेने के लिए आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं.

रोज-रोज सिंपल पूरियां खाकर अगर आपका मन ऊब चुका है तो बेड़मी पूरी आपके लिए एक लजीज ऑप्शन साबित हो सकती है. यह खास डिश उत्तर भारत में बेहद मशहूर है और बारिश की फुहारों के बीच इसके स्वाद का आनंद लेना एक अलग ही सुखद अहसास देता है.

बेड़मी पूरी का नाम सुनते ही सबसे पहले दिल्ली की गलियों और मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध स्वादों की याद आ जाती है. उत्तर प्रदेश और दिल्ली के स्थानीय खान-पान में बेड़मी पूरी का एक विशेष स्थान है जहां इसे लोग बड़े चाव से नाश्ते में खाते हैं. मथुरा में तो मंदिरों के बाहर मिलने वाला यह नाश्ता वहां की पहचान बन चुका है. दाल और चुनिंदा भारतीय मसालों के मेल से तैयार होने वाली यह पूरी आम पूरियों की तुलना में ज्यादा भारी, स्वादिष्ट और सुगंधित होती है.

स्वादिष्ट बेड़मी पूरी का असली मज़ा उसके साथ परोसी जाने वाली चटपटी और मसालेदार सब्जियों के साथ ही आता है. आमतौर पर बेड़मी पूरी को रसेदार चटपटे आलू की सब्जी या काबुली चनों के साथ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. इसके अलावा कई जगह पर इसे खट्टे-मीठे कद्दू की सब्जी या ठंडे रायते के साथ भी परोसा जाता है.इन सभी चीज़ों का संयोजन इस पारंपरिक पकवान के स्वाद को बहुत ज्यादा बढ़ा देता है और हर बाइट में एक नया ज़ायका देता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

बेड़मी पूरी बनाने के लिए कुछ खास सामग्री की जरूरत होती है. इसमें एक कप उड़द की दाल, आधा कप सूजी, दो कप गेहूं का आटा और लगभग 50 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर इस्तेमाल किया जाता है.इसके अलावा स्वादानुसार नमक, तीन चम्मच साबुत धनिया, एक हरी मिर्च, दो चम्मच काली मिर्च, एक चम्मच हल्दी, दो चम्मच लाल मिर्च पाउडर, कसूरी मेथी, जीरा, सौंफ, अजवाइन, हींग, अदरक, हरा धनिया और आटा गूंथने के लिए दो-तीन चम्मच देसी घी की ज़रूरत होती है.

बेड़मी पूरी बनाने की शुरुआत उड़द की दाल की तैयारी से होती है. सबसे पहले उड़द की दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगोकर रख दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो पानी निकालकर इसे मिक्सी के जार में डालें. अब इसी दाल के साथ अदरक, साबुत धनिया, काली मिर्च, हरी मिर्च, सौंफ जीरा और ग्रिड किए हुए पनीर को मिलाएं. इन सभी सामग्रियों को एक साथ थोड़ा दरदरा पीसकर एक सुगंधित और चटपटा पेस्ट तैयार कर लें.यह पेस्ट ही पूरी के असली स्वाद का आधार बनता है.

दाल का पेस्ट तैयार होने के बाद अब आटा गूंथने की बारी आती है.एक बड़े और गहरे बर्तन में गेहूं का आटा और सूजी एक साथ मिलाएं.इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन, हींग, कसूरी मेथी, नमक और देसी घी का मोयन डालें. अब तैयार किया गया उड़द दाल का दरदरा पेस्ट और कद्दूकस किया हुआ पनीर भी इसमें मिला दें. अंत में बारीक कटा हरा धनिया डालकर सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा तैयार करें. ध्यान रखें कि आटा न तो बहुत ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही ज्यादा मुलायम.

आटा गूंथने के बाद इसे कुछ देर सेट होने के लिए ढककर रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी और एक समान आकार की लोइयां तैयार कर लें. एक कढ़ाई में तेल डालकर उसे मध्यम-तेज़ आंच पर अच्छी तरह गर्म करें. अब बेलन की मदद से लोइयों को थोड़ा मोटा बेल लें ताकि वे तलते समय अच्छी तरह फूल सकें. बेड़मी पूरी को बहुत ज्यादा पतला नहीं बेला जाता क्योंकि इसमें दाल और मसालों का मिक्सचर होता है जिससे इसका खस्तापन बना रहता है.

बेलने के बाद पूरियों को सावधानी से गर्म तेल में डालें और आंच को मध्यम रखें. पूरियों को दोनों तरफ से पलट-पलटकर सुनहरा और बेहद कुरकुरा होने तक अच्छी तरह तलें. जब पूरियां अच्छी तरह फूल जाएं और उनका रंग खूबसूरत सुनहरा हो जाए तो उन्हें तेल से बाहर निकाल लें. आपकी गरमा-गरम, खस्ता और स्वादिष्ट बेड़मी पूरियां पूरी तरह से तैयार हैं. अब इन्हें गरमा-गरम आलू की रसेदार सब्जी, कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी या ठंडे रायते के साथ परोसें और मॉनसून के इस मौसम में परिवार के साथ इस ऑथेंटिक टेस्ट का लुत्फ उठाएं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments