Tuesday, August 25, 2026
Homeखेल‘इसके पीछे छिपना बंद करो, बड़ी टीम से हारें तो…’ हॉकी वर्ल्ड...

‘इसके पीछे छिपना बंद करो, बड़ी टीम से हारें तो…’ हॉकी वर्ल्ड कप से भारत के बाहर होने पर भड़के पीआर श्रीजेश


हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से भारत के बाहर होने पर पीआर श्रीजेश भड़क उठे हैं। पूर्व दिग्गज गोलकीपर श्रीजेश ने जवाबदेही की मांग की है। भारत की पुरुष और महिला टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंची।

पीआर श्रीजेश हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खराब प्रदर्शन से बेहद निराश हैं। भारत के पूर्व दिग्गज गोलकीपर और दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्रीजेश ने टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है। उन्होंने भड़कते हुए कहा कि बड़ी टीम से हारें तो उसे सीख करार दिया जाता है जबाकि छोटी टीम को हराने को शानदार जीत बताया जाता है। भारत की पुरुष हॉकी टीम सोमवार को टूर्नामेंट में अर्जेंटीना से 3-5 से हारी, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। वहीं, महिला टीम भी सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। शनिवार को महिला टीम को अहम मैच में ऑस्ट्रेलिया ने गोलरहित ड्रॉ पर रोका।

‘जो कुछ गलत हुआ, उसे…’

श्रीजेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”चिंता मत कीजिए। वर्ल्ड कप से कोई फर्क नहीं पड़ता। एशियन गेम्स आ रहे हैं। वहां मेडल जीतो और फिर हम लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के सपने देखना शुरू कर सकते हैं। वर्ल्ड कप में जो कुछ भी गलत हुआ, उसे कवर करने के लिए यह काफी है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले महिला टीम के चीफ कोच छुट्टी पर थे और लड़कियों ने फिर भी जी-जान से लड़ाई लड़ी और उम्मीदों से बढ़कर किया। खिलाड़ियों को क्रेडिट जाता है। लेकिन जवाबदेही कहा है? क्या हम सच में उम्मीद करते हैं कि टीम अपना बेस्ट परफॉर्म करेगी जब चीफ कोच तैयारी के आखिरी फेज में बाहर हो?”

‘इसके पीछे छिपना बंद करो’

उन्होंने आगे कहा, ”पुरुषों की टीम एक टॉप टीम से हार जाती है तो यह सीखने का अनुभव है। वहीं, एक एशियन टीम को हरा देती है तो शानदार जीत, अच्छी हॉकी खेली और अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन ऐसे में एक मुश्किल सवाल है। क्या हम अच्छी हॉकी खेलने के लिए टीम बना रहे हैं, या दुनिया की बेस्ट टीमों के खिलाफ जीतने के काबिल टीम? ‘सीखने’, ‘अच्छी हॉकी’ और आने वाले टूर्नामेंट के पीछे छिपना बंद करो। वर्ल्ड कप कोई रिहर्सल नहीं है। यह वर्ल्ड कप है। तो मुश्किल सवाल कौन पूछेगा? जवाबदेही की मांग कौन करेगा? और सबसे जरूरी बात, क्या सच में किसी को परवाह है?”

कोच क्रेग फुल्टोन ने क्या कहा?

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के हेज कोच क्रेग फुल्टोन ने माना कि धीमी शुरुआत और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जरूरी मुकाबले के दबाव को नहीं संभाल पाना टीम पर भारी पड़ा। फुल्टोन ने पीटीआई से कहा, “मुश्किल दिन था। हम इस तरह अंत नहीं करना चाहते थे। हमने खराब शुरुआत की, लेकिन दूसरा क्वार्टर काफी बेहतर रहा। तीसरा क्वार्टर अच्छा नहीं था। इसके बाद अंतिम क्वार्टर में हमने तीन गोल किए और पेनल्टी कॉर्नर से चौथा गोल भी कर सकते थे।” उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर यह बहुत अजीब मुकाबला रहा। हमने पूरे टूर्नामेंट में ऊंचे स्तर की हॉकी खेली, लेकिन बड़े मुकाबलों में हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा।”



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments