बलिया में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने मंगलवार देर शाम हॉलमार्किंग नियमों के उल्लंघन पर दो प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। लखनऊ शाखा द्वारा गठित दो टीमों ने उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की। पहली टीम का नेतृत्व निदेशक ऋत्विक आनंद ने किया, जिसमें उपनिदेशक आशुतोष राय और तीन अन्य कर्मचारी शामिल थे। इस टीम ने मेसर्स पी.पी. ज्वेलर्स, शिवशंकर कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल रोड, बलिया पर छापा मारा। यहां से लगभग 156 ग्राम स्वर्ण आभूषण जब्त किए गए, जिन पर वैध हॉलमार्किंग नहीं थी। दूसरी टीम का नेतृत्व संयुक्त निदेशक शरद कुमार ने किया, जिसमें उपनिदेशक जितेश कुमार और तीन अन्य अधिकारी शामिल थे। इस टीम ने मेसर्स श्रीजा लेज़र कटिंग सेंटर, लक्ष्मी मार्केट, बलिया पर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि यह प्रतिष्ठान बिना वैध बीआईएस लाइसेंस के अनधिकृत रूप से हॉलमार्किंग गतिविधियां चला रहा था। टीम ने अवैध हॉलमार्क युक्त स्वर्ण आभूषण और संबंधित साक्ष्य सामग्री जब्त की। भारतीय मानक ब्यूरो, लखनऊ शाखा के निदेशक एवं प्रमुख पीयूष एम. वासेकर ने बताया कि उपभोक्ताओं को शुद्धता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता वाले स्वर्ण आभूषण उपलब्ध कराना बीआईएस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। हॉलमार्किंग व्यवस्था सोने की शुद्धता का विश्वसनीय आश्वासन देती है। इसी उद्देश्य से बीआईएस बाजार में हॉलमार्किंग प्रावधानों के अनुपालन की नियमित निगरानी और जांच कर रहा है। उन्होंने सभी ज्वेलर्स और हॉलमार्किंग प्रतिष्ठानों से निर्धारित मानकों, प्रक्रियाओं और वैधानिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि हॉलमार्किंग प्रावधानों का उल्लंघन या अनधिकृत गतिविधियां पाए जाने पर बीआईएस द्वारा नियमों के अनुसार कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बलिया में बीआईएस की छापेमारी: दो प्रतिष्ठानों से 156 ग्राम बिना हॉलमार्क के जेवरात जब्त – Ballia News
RELATED ARTICLES

