लखनऊ के गोमतीनगर के विश्वासखंड में हाईकोर्ट लखनऊ बेंच के अधिवक्ता अनघ शुक्ला के घर का ताला तोड़कर चोर करीब 45 लाख रुपये का माल पार कर ले गए। चोरी में करीब 43 लाख रुपये के पत्नी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद शामिल हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। रविवार सुबह घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। घर की दीवार पर चोरों के फुटप्रिंट भी मिले हैं। अनघ शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 22 अगस्त को जरूरी काम से दिल्ली गए थे। उनकी पत्नी शिवा 25 अगस्त को रक्षाबंधन पर मायके सीतापुर चली गई थीं। इसके बाद 26 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे उनके बड़े भाई अलख, बड़ी बहन प्रिया शुक्ला और माता-पिता भी दिल्ली-एनसीआर चले गए। घर पर कोई नहीं था। रविवार सुबह करीब 9:20 बजे परिवार के लोग दिल्ली से लौटे तो मेन गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। दो कमरों में डबल बेड के दीवान के गद्दे उठे हुए थे। चोरों ने पूजा कक्ष में रखी अलमारी के लॉकर काटकर उसमें रखे पत्नी के करीब 43 लाख रुपये के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। दीवार पर मिले फुटप्रिंट, CCTV खंगाल रही पुलिस बड़े भाई ने घटना की सूचना यूपी-112 पर दी। इसके बाद गोमतीनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मकान की दीवार पर कुछ फुटप्रिंट मिले हैं। टीम ने मौके से अन्य साक्ष्य भी जुटाए। अधिवक्ता ने बताया कि वह दोपहर करीब 1:30 बजे घर लौटे और इसके बाद थाने पहुंचकर तहरीर दी। गोमतीनगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। घर के सामने स्थित होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
Source link
लखनऊ में हाईकोर्ट वकील के घर 45 लाख की चोरी: रक्षाबंधन पर बाहर गया था परिवार, दीवार पर मिले चोरों के फुटप्रिंट – Lucknow News
RELATED ARTICLES

