Wednesday, September 2, 2026
Homeराज्यराजस्तानजयपुर में जन्माष्टमी पर चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा: 4...

जयपुर में जन्माष्टमी पर चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा: 4 सितंबर को जन्माष्टमी, 5 को निकलेगी शोभायात्रा, जलेब चौक से होगा गोविंददेवजी मंदिर में प्रवेश – Jaipur News


जयपुर13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जन्माष्टमी पर्व को लेकर जयपुर में जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर, इस्कॉन मंदिर मानसरोवर, हरे कृष्ण मंदिर अक्षयपात्र जगतपुरा, अक्षरधाम मंदिर वैशालीनगर सहित शहर के कई मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शन की विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं से मंदिर आने के लिए ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

5 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर से शाम 4 बजे जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकलेगी। यह जलेब चौक, सिरहड्योढ़ी बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथ पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

गोविंददेवजी मंदिर में जलेब चौक से ही प्रवेश

4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश जलेब चौक की ओर बांदरवाल गेट से तय रास्ते से होगा। किसी दूसरे रास्ते से मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मंगला झांकी से ही दर्शन की व्यवस्था शुरू हो जाएगी। जलेब चौक से श्रद्धालुओं के लिए तीन लाइनें रहेंगी। इनमें दर्शन पास वाले, बिना जूते-चप्पल आने वाले और जूते-चप्पल के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।

5-6 किमी पैदल चलना पड़ सकता है

मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन के बाद बाहर निकलने तक श्रद्धालुओं को करीब 5 से 6 किमी पैदल चलना पड़ सकता है। दर्शन के बाद बाहर निकलने के लिए जय निवास बाग के पूर्वी और पश्चिमी गेट तय किए गए हैं। श्रद्धालु दर्शन के बाद वापस प्रवेश वाले रास्ते की तरफ जाने की कोशिश न करें और तय निकास मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद

जन्माष्टमी के दिन जयपुर की चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं से मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की गई है।

मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर सफाई से लेकर रोशनी तक इंतजाम

जिला कलक्टर संदेश नायक ने जन्माष्टमी और शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और पार्किंग व्यवस्था के साथ शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम को मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर सफाई, रोशनी, कचरा प्रबंधन, पेयजल और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा गया है। मंदिरों और रास्ते में अतिक्रमण हटाने और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात

चिकित्सा विभाग को प्रमुख मंदिरों और शोभायात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत विभाग को लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को ठीक करने और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था करने को कहा गया है।

मंदिर प्रबंधन को श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, पेयजल और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं करने के साथ सभी विभागों से लगातार समन्वय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैग-पर्स और कीमती सामान न लाएं

सुरक्षा को देखते हुए श्रद्धालुओं से बैग, थैला, लेडीज पर्स, कीमती आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर नहीं आने की अपील की गई है। लैपटॉप, कैमरा, प्रसाद, फल, मिठाई और नारियल भी मंदिर में नहीं ले जाने को कहा गया है। हेलमेट भी वाहन पर ही रखने की अपील की गई है।

बुजुर्ग और बीमार लोग भीड़ से बचें

मंदिर प्रशासन ने गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे, बहुत बुजुर्ग लोग, हृदय रोगी, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीज, सांस की परेशानी या दूसरी गंभीर बीमारी से परेशान लोग भीड़ को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ऐसे श्रद्धालु गोविंदम ऐप या मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव दर्शन कर सकते हैं।

पानी की बोतल साथ रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें

लंबी दूरी पैदल चलने और भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से पानी की बोतल साथ रखने की अपील की गई है। भीड़ में धक्का-मुक्की न करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर खुद उसे न छुएं और तुरंत पुलिस या मंदिर प्रशासन को सूचना दें।

जन्माष्टमी की रात गोविंददेवजी में विशेष आयोजन

गोविंददेवजी मंदिर में 4 सितंबर की रात 10 से 11 बजे तक जन्माष्टमी व्रत कथा होगी। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी होगी। इसके बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक में 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद का इस्तेमाल होगा।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

पुलिस थाना माणकचौक: 0141-2607071, 0141-2601366 एसीपी माणकचौक पीयूष कविया: 8764867016, 9001091167 थानाधिकारी माणकचौक राकेश ख्यालिया: 9001236520

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जन्माष्टमी और शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और यातायात भी सुचारू बना रहे।

खबरें और भी हैं…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments