सोशल मीडिया पर ब्राह्मण और जाटव समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में फरार आरोपी आजाद लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करैरा पुलिस ने उसे मथुरा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी पर सोशल मीडिया के जरिए समाज विशेष के लोगों और महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप हैं। इस मामले में करैरा और पिछोर थाने में मामले दर्ज किए गए थे। यह मामला सामने आने के बाद सर्व समाज के लोगों में नाराजगी थी। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई और जिलाबदर करने की मांग उठाई थी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर करैरा और पिछोर में लोगों ने ज्ञापन सौंपे थे। इसके अलावा एसपी कार्यालय पहुंचकर भी पुलिस अधिकारियों से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। इससे पहले, आरोपी आजाद लोधी ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर पिछोर थाने में सरेंडर करने की बात कही थी। वीडियो में उसने अपने चाहने वालों और समर्थकों को भी साथ आने के लिए बुलाया था। हालांकि, शुक्रवार को जन्माष्टमी होने के चलते वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी ने एक और वीडियो जारी किया, जिसमें उसने सोमवार को पिछोर थाने में पहुंचकर सरेंडर करने की बात कही थी। हालांकि, सोमवार का इंतजार करने से पहले ही पुलिस ने उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।
Source link
ब्राह्मण-जाटव समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी का आरोपी गिरफ्तार: मथुरा से पकड़ाया, कोर्ट ने जेल भेजा; एक दिन पहले सरेंडर का वीडियो बनाया था – Shivpuri News
RELATED ARTICLES

