Last Updated:
त्योहारों के मौके पर समस्तीपुर की करीब 55 साल पुरानी न्यू रामसेवक स्वीट्स पर मिठाई खरीदने वालों की भीड़ बढ़ जाती है. दुकान की पहचान ताजी और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों के लिए बनी हुई है, जहां करीब 35 से 40 तरह की मिठाइयां तैयार की जाती हैं. संचालक हरे राम महतो के मुताबिक, रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर एक दिन में करीब 3 से 4 क्विंटल तक मिठाई की बिक्री हो जाती है. दादा द्वारा शुरू की गई इस दुकान ने वर्षों से ताजगी और स्वाद के साथ ग्राहकों का भरोसा कायम रखा है.
कोई त्योहार हो और समस्तीपुर के चर्चित न्यू रामसेवक स्वीट्स की चर्चा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है. समस्तीपुर में करीब 55 वर्षों से मिठाई के स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचान बना चुकी इस दुकान पर त्योहार के दिनों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है. आम दिनों में भी यहां लोग अलग-अलग तरह की मिठाइयां खरीदने पहुंचते हैं, लेकिन त्योहारों के मौके पर बिक्री कई गुना बढ़ जाती है.
दुकान की खासियत यह है कि यहां एक-दो नहीं, बल्कि करीब 35 से 40 तरह की अलग-अलग मिठाइयां तैयार की जाती हैं. दुकानदार के मुताबिक त्योहार के दिन यहां करीब तीन से चार क्विंटल तक मिठाई की खपत हो जाती है. यही वजह है कि दूर-दराज से भी ग्राहक यहां ताजा मिठाई लेने पहुंचते हैं. न्यू रामसेवक स्वीट्स के संचालक हरे राम महतो ने बताया कि इस दुकान की शुरुआत उनके दादा ने की थी.वर्षों से ग्राहकों का भरोसा बनाए रखना ही दुकान की सबसे बड़ी पूंजी रही है. उन्होंने कहा कि दुकान की पहचान मुख्य रूप से ताजी मिठाई के लिए बनी है.
त्योहारों के दौरान कई जगह पहले से बड़ी मात्रा में मिठाई तैयार कर रख दी जाती है, लेकिन उनके यहां खपत और मांग को ध्यान में रखते हुए सीमित मात्रा में मिठाई तैयार की जाती है, ताकि ग्राहकों को ताजा उत्पाद मिल सके. 55 साल से अधिक समय से ग्राहकों के साथ बने इस भरोसे को वह अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
हरे राम महतो ने बताया कि दुकान में मिठाई तैयार करने के लिए आधुनिक बॉयलर मशीन का इस्तेमाल किया जाता है. इससे मिठाई पकाने की प्रक्रिया आसान होती है और बड़े स्तर पर उत्पादन भी किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दुकान के कामकाज पर ज्यादा नहीं पड़ा, क्योंकि मिठाई तैयार करने के लिए बॉयलर मशीन का सहारा लिया जाता है.
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मशीन के संचालन में लकड़ी का इस्तेमाल होता है. उनका कहना है कि ताजगी, गुणवत्ता और ग्राहकों के वर्षों पुराने भरोसे को बनाए रखना ही दुकान की प्राथमिकता है. यही वजह है कि रक्षाबंधन पर यहां मिठाई खरीदने वालों की भीड़ उमड़ती है और एक दिन में करीब 4 कुंतल तक मिठाई की बिक्री हो जाती है.

