बुकावु8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कांगो के पूर्वी शहर बुकावु में गुरुवार को आग लगने की घटना में 26 छात्रों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक मरने वालों में 19 लड़कियां और 7 लड़के हैं। 29 का इलाज चल रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आग पहले एक घर में लगी। इसके बाद यह फुराहा सेकेंडरी स्कूल और उजामा प्राइमरी स्कूल तक फैल गई। कई छात्र फुराहा सेकेंडरी स्कूल के अंदर फंस गए थे। इनमें से कुछ का दम घुट गया।
यह इलाका रवांडा-समर्थित AFC/M23 विद्रोहियों के कंट्रोल में है, जिन्होंने फरवरी 2025 में पूर्वी कांगो में हमला किया था। आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
हादसे के बाद की तस्वीरें…

बुकावु में जिस जगह हादसा हुआ, वहां ज्यादातर घर लकड़ी के बने हैं। इससे आग तेजी से फैली।

बागियों के कब्जे वाले इस इलाके में आग से 300 घरों के जलने की खबर सामने आई है।

आग में घायल बच्चों को आस-पास के लोग हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में छोटे बच्चे जमीन पर बेसुध पड़े दिखाई दे रहे हैं।
स्कूल में फंसे बच्चे, निकलने की जगह संकरी थी
लुबाला के मुताबिक, स्कूल से बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था। कुछ छात्रों ने खिड़कियों से छलांग लगानी शुरू कर दी। कुछ छात्र दरवाजे की ओर भागे। सभी के एक साथ बाहर निकलने की कोशिश में कई छात्र गिर गए और उनके ऊपर से लोग गुजर गए।
आग लगने की वजह अभी पता नहीं चली है। लुबाला के मुताबिक, जिस इलाके से आग शुरू हुई, वह घनी आबादी वाला है।
पूर्वी कांगो में संघर्ष क्यों होता है
यह इलाका खनिजों से बहुत समृद्ध है। कांगो के पूर्वी हिस्से में ऐसे खनिज पाए जाते हैं जिनकी जरूरत मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरी तकनीकी चीजों के निर्माण में होती है।
इसी वजह से इलाके के खनिज संसाधनों और व्यापारिक रास्तों पर नियंत्रण को लेकर अलग-अलग हथियारबंद समूहों के बीच संघर्ष चलता रहा है। AP के मुताबिक पूर्वी कांगो में 100 से ज्यादा हथियारबंद समूह सक्रिय हैं।
5 दिन पहले शादी समारोह में भी आग लगी थी

5 दिन पहले ही कांगो की राजधानी किंशासा में शादी समारोह के दौरान एक बिल्डिंग में आग लगने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई थी। बिल्डिंग के संकरे रास्तों और गलियों में बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने से हालात बिगड़ गए। लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। पढ़ें पूरी खबर…


