टीकमगढ़ के देहात थाना क्षेत्र के सुनौरा खिरिया गांव में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 16 बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे में बकरियां चरा रहा एक पशुपालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य बकरियां भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पशुपालकों ने बताया कि गांव से लगे जंगल में नाले के पास अचानक आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। घटना में 65 वर्षीय लच्छू पाल बिजली की चपेट में आकर झुलस गया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद फिलहाल उसकी हालत में सुधार है। इस घटना में लच्छू पाल की 5, पप्पू पाल की 5, कमल पाल की 3 और काशीराम रजक की 3 बकरियों की मौत हुई है। हादसे से पशुपालकों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित पशुपालकों ने देहात थाना प्रभारी को आवेदन देकर सरकार से आर्थिक मदद मांगी है। उन्होंने आवेदन में बताया है कि पशुधन के नुकसान से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट आ गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है।
Source link
टीकमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरी, 16 बकरियों की मौत: पशुपालक गंभीर रूप से घायल, परिवार ने की मुआवजे की मांग – Tikamgarh News
RELATED ARTICLES

