पटना जिले के बिक्रम बाजार स्थित महावीर मंदिर परिसर में सोमवार को 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू हुआ। इसका आयोजन महावीर सेवा समिति ने किया। कीर्तन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। इस दौरान भोजपुर जिले के पीरो क्षेत्र से आई अनुज गिरी कीर्तन मंडली के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ अखंड हरिनाम संकीर्तन किया। मंदिर परिसर में लगातार ‘हरे राम, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ की गूंज सुनाई देती रही। कीर्तन शुरू होते ही मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और कीर्तन में शामिल होकर भगवान को याद किया। इस आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह दिखा। श्री श्री 1008 श्री माचा स्वामी जी महाराज के शिष्य मदन दास ने बताया कि महावीर मंदिर में हर साल जन्माष्टमी के मूर्ति विसर्जन के नौवें दिन अखंड कीर्तन होता है। यह कीर्तन लगातार 24 घंटे तक चलता है। उन्होंने यह भी बताया कि अखंड कीर्तन खत्म होने के बाद भंडारा होगा। इसमें दूर-दराज से आने वाले ब्राह्मणों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में महावीर सेवा समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने अहम भूमिका निभाई। इस मौके पर ओम प्रकाश गुप्ता, चमन राज, रोजी गुप्ता, गोलू कुमार, बालाजी, माधव, अनिकेत, भोलू, बिट्टू, हरिओम, रामनारायण कुमार, ओनु, अजय, श्रीराम, गुड्डू, पप्पू और अन्य लोग मौजूद थे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और श्रद्धा से भरे माहौल में अखंड कीर्तन में हिस्सा लिया।
Source link

