नई दिल्ली. दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने की सोच रहे मुसाफिरों के लिए राहत भरी खबर है. हर साल की तरह इस बार भी नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखकर अगर आपकी चिंता बढ़ गई थी, तो अब फिक्र छोड़ दीजिए. भारतीय रेलवे ने त्योहारी भीड़ को भांपते हुए दर्जनों स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला है. ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों के बीच चलेगी. त्योहारी मांग को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली–कानपुर सेंट्रल, आनंद विहार– मुजफ्फरपुर और हजरत निजामुद्दीन– दादर के बीच भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएगी.
इन सभी स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग भी जल्द शुरू होने वाली है. आपको भी अगर यात्रा करनी है तो त्योहारी भीड़ से बचने के लिए आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत काउंटर से समय रहते टिकट बुक करें और यात्रा से पहले ट्रेन का नया टाइमटेबल अवश्य जांच लें.
आनंद विहार-अयोध्या कैंट स्पेशल ट्रेन
धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के प्रमुख केंद्र अयोध्या और वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं व घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने सीधी ट्रेनों का प्रबंध किया है. आनंद विहार- अयोध्या कैंट (ट्रेन नं. 04214 / 04213) आनंद विहार से सुबह 9:00 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 10:00 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी. वापसी में अयोध्या कैंट से शाम 6:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच इसके कुल 36 फेरे तय किए हैं.
दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन
दिल्ली-वाराणसी स्पेशल (ट्रेन नं. 04210 / 04209) दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी. वाराणसी से यह ट्रेन रात 10:15 बजे खुलकर अगले दिन दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में दिल्ली से शाम 6:50 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी. यह ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी. इसमें एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल कोच होंगे.
पटना और पूर्वांचल के लिए भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
दिवाली और छठ के दौरान सबसे ज्यादा दबाव बिहार जाने वाले रूटों पर रहता है. इसे ध्यान में रखते हुए नॉर्दर्न रेलवे कई ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है.
चंडीगढ़-पटना स्पेशल (ट्रेन नं. 04512 / 04511): 18 फेरों के साथ चलने वाली यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU), बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी.
फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल (ट्रेन नं. 04616 / 04615): 16 फेरों वाली यह ट्रेन मोगा, लुधियाना, अंबाला, मुरादाबाद, बरेली, वाराणसी और बक्सर के रास्ते पटना जाएगी, जिससे पंजाब में रहने वाले पूर्वांचल के प्रवासियों को सीधी कंफर्म सीट मिल सकेगी.

