Tuesday, September 29, 2026
Homeफूडलौकी पसंद नहीं? ऐसे बनाएं सोया चंक्स और चना दाल वाले गलोटी...

लौकी पसंद नहीं? ऐसे बनाएं सोया चंक्स और चना दाल वाले गलोटी कबाब, जानिए रेसिपी


Lauki Soya Chunks Kebab Recipe: लौकी का नाम सुनते ही कई लोगों का मन सब्जी खाने से हट जाता है, लेकिन यही साधारण सी सब्जी अगर सही मसालों और कुछ पौष्टिक चीजों के साथ पकाई जाए तो इसका स्वाद पूरी तरह बदल सकता है, अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को भी संतुष्ट करे, तो लौकी से बने गलोटी कबाब एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं. इसमें लौकी के साथ सोया चंक्स और चना दाल का इस्तेमाल किया जाता है.

मसालों की खुशबू और तवे पर हल्का सिकने के बाद इनका स्वाद काफी अच्छा लगता है. इन्हें स्नैक की तरह खाने के अलावा रोल, सैंडविच या बर्गर में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

लौकी और सोया चंक्स से तैयार होगा कबाब का बेस
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें लौकी के साथ चना दाल और सोया चंक्स का इस्तेमाल किया जाता है. लौकी कबाब को नरम टेक्सचर देती है, जबकि चना दाल और सोया चंक्स मिश्रण को अच्छा बॉडी देते हैं. सोया चंक्स को पहले पानी में भिगोकर नरम कर लें और चना दाल को भी कुछ समय के लिए भिगोकर रखें. एक बड़ी लौकी को छीलकर टुकड़ों में काट लें. अब इसे भीगी हुई चना दाल और तैयार सोया चंक्स के साथ कुकर में डालें.

मसालों से आएगा कबाब में असली स्वाद
अब इसमें जीरा, साबुत धनिया, काली मिर्च, दालचीनी, हरी मिर्च, लहसुन, चक्रफूल और तेजपत्ता डालें. स्वाद के अनुसार नमक मिलाएं और थोड़ा पानी डालकर कुकर बंद कर दें. मध्यम आंच पर करीब 4 से 5 सीटी आने तक पकाया जा सकता है. यहां एक बात का ध्यान रखना जरूरी है कि मिश्रण बहुत ज्यादा पानी वाला न हो, अगर सामग्री में पानी ज्यादा रह गया तो बाद में कबाब की टिक्की बनाना मुश्किल हो सकता है.

ठंडा होने के बाद बनाएं स्मूथ मिश्रण
कुकर का प्रेशर निकलने के बाद सामग्री को बाहर निकालकर कुछ देर ठंडा होने दें. इसके बाद इसे मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें. मिश्रण जितना स्मूथ होगा, कबाब की बनावट उतनी ही नरम और एकसार बनेगी. अब इस मिश्रण को एक बड़े बाउल में निकालें. इसमें लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला या कबाब मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, अगर मिश्रण बहुत नरम लगे तो उसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रखने से आकार देना आसान हो सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

ऐसे दें गलोटी कबाब का आकार
तैयार मिश्रण से थोड़ा हिस्सा हाथ में लें और पहले गोल करें. इसके बाद हल्के हाथ से दबाकर चपटी टिक्की का आकार दें. इसी तरह सारे कबाब तैयार कर लें. गलोटी कबाब की खासियत उनकी नरम बनावट होती है. इसलिए टिक्की बनाते समय मिश्रण को बहुत ज्यादा दबाने की जरूरत नहीं है, अगर हाथों पर मिश्रण चिपक रहा हो तो हाथों पर हल्का तेल लगाकर काम किया जा सकता है.

तवे पर ऐसे सेंकें
एक नॉन-स्टिक तवा या पैन गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल या घी लगाएं. अब कबाबों को तवे पर रखें. इन्हें धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें. कबाब को बार-बार पलटने से बचें. एक तरफ हल्का सुनहरा होने के बाद ही सावधानी से दूसरी तरफ पलटें. इससे टिक्की टूटने की संभावना कम रहेगी और बाहर से हल्की क्रिस्पी परत भी बन जाएगी.

स्नैक से लेकर रोल तक कई तरह से करें सर्व
तैयार कबाबों को हरी चटनी, दही या सलाद के साथ परोसा जा सकता है, अगर बच्चों या परिवार के लिए कुछ अलग बनाना हो तो इन्हें रोटी या पराठे में रखकर रोल भी तैयार किया जा सकता है. सैंडविच और बर्गर में भी इनका इस्तेमाल किया जा सकता है. इस रेसिपी का मिश्रण पहले से तैयार करके रखना भी सुविधाजनक है. हालांकि फ्रिज में रखने के दौरान साफ-सफाई और सही तापमान का ध्यान रखना जरूरी है. खाने से पहले कबाबों को अच्छी तरह गर्म करके ही परोसें.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments