Last Updated:
Chinese Food Stall Business: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के रवि सालुंखे ने मेहनत और संघर्ष के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है. कभी वह दूसरों के यहां मजदूरी करने के लिए जाते थे लेकिन आज खुद का व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और पांच लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं. मजदूरी से शुरू हुआ रवि का सफर आज अपने व्यवसाय और रोजगार देने तक पहुंच चुका है. उनका संघर्ष युवाओं के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रहा है. जो दो लोगों को चाइनीज का स्टॉल चला कर पांच लोगों को रोजगार दे रहे हैं जिससे उनकी अच्छी कमाई हो रही है.
लोकल 18 की टीम को दुकान संचालक रवि बताते हैं कि मजदूरी के दौरान उन्हें चाइनीज फूड बनाने का काम सीखने और समझने का मौका मिला. उन्हें यह काम पसंद आया और उन्होंने करीब पांच वर्षों तक चाइनीज आइटम बनाने की कला सीखी. इसके बाद उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू करने का फैसला लिया. शुरुआत आसान नहीं थी.
सीमित संसाधनों के बीच रवि ने बुरहानपुर की इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में जय अंबे चाइनीज के नाम से अपना स्टॉल शुरू किया. शुरुआती दौर में ग्राहकों को जोड़ने और व्यवसाय को चलाने में उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी लगातार मेहनत और अपने काम के प्रति लगन के चलते धीरे-धीरे लोगों को उनके यहां मिलने वाले चाइनीज फूड का स्वाद पसंद आने लगा.
आज रवि दो चाइनीज स्टॉल का संचालन कर रहे हैं. उनके स्टॉल पर चाइनीज फूड की कई वैरायटी उपलब्ध रहती हैं. कम कीमत और स्वादिष्ट खाने के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
खास बात यह है कि रवि ने सिर्फ अपने लिए रोजगार का साधन तैयार नहीं किया बल्कि दूसरे लोगों को भी काम का अवसर दिया है. वर्तमान में उनके साथ करीब पांच लोग काम कर रहे हैं.
रवि ने अपने भाई को भी चाइनीज फूड बनाने का काम सिखाया जिससे वह भी आत्मनिर्भर होकर व्यवसाय में उनके साथ हाथ बंटा रहे हैं. रवि की कहानी बताती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी मुश्किल हों अगर इंसान मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ता रहे तो अपनी मेहनत के दम पर रोजगार देने वाला भी बन सकता है.

