उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के शहरों व ग्रामीण घरों में बेसन से बनने वाली कई पारंपरिक और स्वादिष्ट चीजें आज भी लोगों की पसंद बनी हुई हैं. कई तरह के देसी व्यंजन तो लगभग हर घर में बनाए जाते हैं. इन्हीं पारंपरिक तरीकों में से एक है बेसन की मिजनी तैयार करना. देखने में यह बहुत साधारण लगती है, लेकिन इसे सही तरीके से बनाने के लिए बेसन में पानी डालने का तरीका सबसे महत्वपूर्ण होता है.
बेसन की मिजनी बनाने के लिए आटा गूंथने की जरूरत नहीं पड़ती. इसमें बेसन को पानी के साथ इस तरह मिलाया जाता है कि उसकी छोटी-छोटी दानेदार गांठें तैयार हो जाएं. यही दाने आगे चलकर मिजनी की सब्जी या अपनी पसंद के दूसरे देसी व्यंजन में इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
अगर आप भी घर पर पारंपरिक स्वाद वाली बेसन की मिजनी बनाना चाहते हैं, तो इसे बहुत आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होगी.
मिजनी बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
बेसन की मिजनी बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप बेसन लें. बेसन को अच्छी तरह छान लेना चाहिए, ताकि उसमें मौजूद मोटे कण या गांठें निकल जाएं और मिजनी एक समान दानेदार बने. सबसे जरूरी चीज है पानी. इसमें पानी को एक साथ डालना नहीं है, बल्कि हाथ से छींटे मारकर बहुत थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालना है. यही तरीका मिजनी को सही आकार देने में मदद करता है.
सबसे पहले बेसन को छान लें
मिजनी बनाने के लिए एक चौड़ी परात या बर्तन लें. इसमें करीब एक कप बेसन डालकर अच्छी तरह छान लें. चौड़े बर्तन का इस्तेमाल करने से बेसन को हाथ से घुमाना आसान रहता है. अब इसमें स्वाद के अनुसार थोड़ा नमक और लाल मिर्च डालें. दोनों चीजों को बेसन में अच्छी तरह मिला लें, ताकि मसाला पूरे बेसन में समान रूप से फैल जाए.
अब अपने हाथ में थोड़ा सा पानी लें और बेसन के ऊपर पानी के हल्के-हल्के छींटे मारें. पानी डालते समय जल्दबाजी न करें. बेसन में पानी की मात्रा बहुत कम रखनी है.
इसके बाद उंगलियों की मदद से बेसन को हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाएं. ऐसा करने से बेसन पानी को सोखना शुरू करेगा और उसमें छोटी-छोटी गांठें या दाने बनने लगेंगे.
दाने बनने के बाद छानना जरूरी
जब बेसन में पर्याप्त मात्रा में छोटे-छोटे दाने तैयार हो जाएं, तो एक छन्नी लें. तैयार बेसन की मिजनी को छन्नी में डालकर हल्के हाथ से छान लें.
छानने पर तैयार दाने अलग हो जाएंगे और जो बेसन अभी सूखा रह गया है, वह नीचे या अलग बच जाएगा. उस बचे हुए बेसन को फेंकने की जरूरत नहीं है.
बचे हुए बेसन में फिर से हाथ से पानी के हल्के छींटे मारें और उसी तरह उंगलियों की मदद से धीरे-धीरे घुमाएं. इससे दोबारा छोटी-छोटी मिजनी बनने लगेगी.
सब्जी के लिए चाहिए ये सामग्री
मिजनी तैयार होने के बाद सब्जी बनाने के लिए तेल, जीरा, हींग, प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक स्वादानुसार इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा स्वाद के अनुसार गरम मसाला और हरा धनिया भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
ऐसे तैयार करें मसालेदार ग्रेवी
सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. तेल गर्म होने के बाद इसमें जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो चुटकी भर हींग डाल दें. इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ देर तक भूनें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह भूनें. मसाला कड़ाही छोड़ने लगे और तेल अलग दिखाई देने लगे, तो समझिए ग्रेवी का मसाला तैयार है.
अब डालें बेसन की मिजनी
मसाला अच्छी तरह भुन जाने के बाद इसमें जरूरत के अनुसार पानी डालें. पानी डालने के बाद ग्रेवी को अच्छी तरह उबलने दें. जब ग्रेवी में उबाल आने लगे, तो तैयार बेसन की मिजनी को धीरे-धीरे इसमें डालें. मिजनी डालने के बाद सब्जी को हल्के हाथ से चलाएं, ताकि दाने आपस में चिपकें नहीं.
अब कड़ाही को ढककर धीमी या मध्यम आंच पर कुछ देर पकने दें. इस दौरान मिजनी मसाले वाली ग्रेवी को सोखकर नरम और स्वादिष्ट हो जाएगी.
रोटी और चावल के साथ बढ़ जाता है स्वाद
बेसन की मिजनी की सब्जी को गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसकी मसालेदार ग्रेवी रोटी के साथ विशेष रूप से स्वादिष्ट लगती है. अगर आप कम सामग्री में कोई देसी और स्वादिष्ट सब्जी बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी घर पर आसानी से तैयार की जा सकती है.
बातचीत करते हुए प्राची बताती हैं कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में बेसन से मिजनी खास तरीके से तैयार की जाती है. कई बार जब घर में सब्जी नहीं होती है, तब आज भी 30 मिनट के अंदर मिजनी की सब्जी बनाकर तैयार हो जाती है. इसकी सब्जी बनाने के लिए अधिक सामग्री की कोई जरूरत नहीं होती है. सबसे पहले बेसन के साथ-साथ हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और साधारण मसालों की जरूरत होती है.

