Chokha Vs Bharta: बैंगन, आलू और टमाटर को मैश करके बनने वाली डिश आपने जरूर खाई होगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भर्ता और चोखा एक ही चीज नहीं हैं? दोनों दिखने में काफी मिलते-जुलते हैं, लेकिन इनके स्वाद, बनाने के तरीके और इस्तेमाल होने वाली सामग्री में फर्क होता है.
आसान भाषा में समझें तो भर्ता में सब्जियों को पकाकर या भूनकर मसालों के साथ मिलाया जाता है, जबकि चोखा में सब्जियों को भूनकर या उबालकर मैश किया जाता है और इसमें सरसों के तेल, प्याज, हरी मिर्च और नींबू जैसी चीजों का स्वाद ज्यादा उभरकर आता है. भर्ता का सबसे मशहूर उदाहरण बैंगन का भर्ता है. इसमें बैंगन को सीधे गैस की आंच पर भूनकर उसका छिलका हटाया जाता है. इसके बाद इसे प्याज, टमाटर, लहसुन, हरी मिर्च और मसालों के साथ पकाया जाता है. वहीं चोखा बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की पारंपरिक डिश है. आलू, बैंगन और टमाटर से बनने वाला चोखा लिट्टी के साथ खास तौर पर परोसा जाता है.
बैंगन का भर्ता कैसे बनाएं?
इसके लिए 1 बड़ा बैंगन, 1 प्याज, 1-2 टमाटर, 3-4 लहसुन की कलियां, 1-2 हरी मिर्च, थोड़ा धनिया, तेल, नमक और मसाले लें. सबसे पहले बैंगन को धोकर उस पर हल्का तेल लगाएं और गैस की सीधी आंच पर चारों तरफ से अच्छी तरह भून लें. ठंडा होने पर इसका छिलका हटा दें और बैंगन को मैश कर लें. अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें प्याज, लहसुन, हरी मिर्च और टमाटर डालकर भूनें. नमक और अपने पसंद के मसाले डालें. आखिर में मैश किया हुआ बैंगन डालकर कुछ मिनट पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालें और गर्मागर्म परोसें.
बिहारी स्टाइल चोखा कैसे बनाएं
चोखे के लिए 2 उबले आलू, 1 बैंगन, 2 टमाटर, 1 प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, हरा धनिया, नींबू, नमक और सरसों का तेल लें. बैंगन और टमाटर को भून लें और आलू उबाल लें. सभी चीजों का छिलका हटाकर एक बर्तन में डालें और अच्छी तरह मैश करें. इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, नमक, नींबू का रस और सरसों का तेल डालकर मिला दें. चोखा तैयार है.

