बीकानेर से नाथद्वारा जा रही बस से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई। चलती बस का गेट खुला रहने से युवक नीचे गिरा था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई थी। हादसा जोधपुर कमिश्नरेट के करवड़ थाना क्षेत्र में हुआ था। पुलिस ने युवक के पिता की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार- मामले में पुरुषोत्तम माधवानी निवासी वल्लभ गार्डन, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि वे और उनका 32 साल का बेटा कृष्णा पी. माधवानी बीकानेर से नाथद्वारा जाने के लिए बस नंबर AR 11 C 9200 में सवार हुए थे। वे दोनों 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे बीकानेर से रवाना हुए थे। 12 अक्टूबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच जब बस जोधपुर में आईआईटी गेट नंबर 02 के पास पहुंची। कृष्णा माधवानी बस में बने वॉशरूम में गए। इस दौरान बस का मुख्य गेट खुला था, जिसके चलते बेटा तेज गति से चलती बस से नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद बस में मौजूद लोग और परिजन घायल कृष्णा को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बॉडी को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की सूचना मिलने पर करवड़ पुलिस ने एमजीएच मोर्चरी पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रार्थी पिता पुरुषोत्तम माधवानी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Source link

