Paneer Wrap Recipe: वीकेंड पर देर से उठने के बाद नाश्ता बनाने का मन नहीं करता, लेकिन भूख लगने पर कुछ चटपटा और टेस्टी खाने का मन जरूर होता है. ऐसे में रोज की रोटी-सब्जी की जगह पनीर रैप एक अच्छा ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए घर में मौजूद आटा, पनीर और कुछ सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. दही और मसालों में मैरीनेट किया हुआ पनीर, कुरकुरी सब्जियां और चटपटी चटनी इसके स्वाद को और बढ़ा देती हैं.
खास बात यह है कि इसे बनाना मुश्किल नहीं है और आप अपनी पसंद के हिसाब से इसकी फिलिंग तैयार कर सकते हैं. बच्चों के टिफिन से लेकर वीकेंड ब्रंच तक, पनीर रैप कई मौकों पर काम आ सकता है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
पनीर रैप बनाने के लिए सामग्री
1. पनीर -जरूरत के अनुसार
2. गेहूं का आटा -रोटी या पराठे बनाने के लिए
3. गाढ़ा दही -2-3 चम्मच
4. प्याज -1
5. शिमला मिर्च -1
6. टमाटर -1
7. हल्दी -थोड़ी सी
8. कश्मीरी लाल मिर्च -स्वाद के अनुसार
9. काली मिर्च और नमक -स्वाद के अनुसार
10. हरा धनिया -थोड़ा सा
11. हरी चटनी -जरूरत के अनुसार
12. टोमेटो सॉस और मेयोनीज -जरूरत के अनुसार
13. तेल या बटर -सेंकने के लिए
14. चीज -चाहें तो इस्तेमाल करें
पनीर रैप बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले पनीर को मैरीनेट करें
पनीर को छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें. अब इसमें 2-3 चम्मच गाढ़ा दही, थोड़ी हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें, ताकि पनीर पर मसालों और दही की अच्छी परत चढ़ जाए. इसे करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
2. पनीर और सब्जियों को पकाएं
एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और मैरीनेट किए हुए पनीर को हल्का सुनहरा होने तक पकाएं. अब इसमें लंबाई में कटा प्याज और शिमला मिर्च डालें. चाहें तो टमाटर भी मिला सकते हैं. सब्जियों को हल्का नरम होने तक पकाएं, लेकिन उन्हें बहुत ज्यादा गलने न दें. ऊपर से काली मिर्च और कटा हुआ हरा धनिया डालें. ध्यान रखें कि फिलिंग में ज्यादा पानी न रहे, वरना रैप गीला हो सकता है.
3. रोटी या पराठे तैयार करें
अब गेहूं के आटे से पतली और मुलायम रोटियां बना लें, अगर आपको थोड़ा कुरकुरा और स्वादिष्ट रैप पसंद है, तो हल्का घी लगाकर पराठे भी बना सकते हैं. रोटी या पराठे को इतना नरम रखें कि उसमें फिलिंग भरकर आसानी से फोल्ड किया जा सके.
4. चटनी और सॉस का मिक्स तैयार करें
एक कटोरी में टोमेटो सॉस और मेयोनीज मिलाकर रख लें. हरी धनिया चटनी में एक चम्मच दही मिलाने से उसका स्वाद हल्का क्रीमी हो सकता है. अब तैयार रोटी या पराठे पर पहले सॉस और मेयोनीज का मिक्स लगाएं. इसके ऊपर हरी चटनी फैलाएं.
5. फिलिंग भरकर रैप को सेंक लें
अब रोटी के बीच में पका हुआ पनीर और सब्जियां रखें. चाहें तो थोड़ा कच्चा प्याज और कद्दूकस किया हुआ चीज भी डाल सकते हैं. ऊपर से स्वाद के अनुसार नमक छिड़कें और रोटी को दोनों तरफ से मोड़कर रैप का आकार दें. एक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा बटर लगाएं. तैयार रैप को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. आपका टेस्टी पनीर रैप तैयार है. इसे गर्मागर्म हरी चटनी या अपनी पसंद की डिप के साथ परोसें.

