नवरात्रि के नौ दिन भक्त मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाते हैं. सप्तमी के दिन कई घरों में मां दुर्गा को पूरी, चने और सूजी के हलवे का भोग लगाया जाता है. ऐसे में अगर आप भी सप्तमी पर माता रानी के लिए हलवा बनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो सूजी का हलवा एक अच्छा विकल्प है. यह स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान होता है.
हालांकि, कई बार हलवा बहुत ज्यादा चिपचिपा या सूखा हो जाता है.ऐसा तब होता है जब घी और पानी को सही मात्रा में न मिलाया जाए. अगर आप चाहते हैं कि हलवा मुलायम, खुशबूदार और मुंह में जाते ही घुलने वाला बने, तो इसे बनाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें. आइए जानते हैं सूजी का हलवा बनाने की आसान रेसिपी और इसमें घी-पानी का सही अनुपात.
सूजी का हलवा बनाने के लिए सामग्री
सूजी – 1 कप
चीनी – 1 कप
पानी – 2 कप
घी – आधा कप
काजू, बादाम और पिस्ता – 2 से 3 बड़े चम्मच
किशमिश – 2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
केसर – 1 चुटकी (वैकल्पिक)
सूजी का हलवा बनाने की विधि
सबसे पहले सूजी को भूनें: हलवा बनाने के लिए एक कड़ाही लें और उसमें आधा कप घी डालकर गर्म करें. अब इसमें एक कप सूजी डालें. धीमी आंच पर सूजी को लगातार चलाते हुए भूनें. ध्यान रखें कि सूजी जले नहीं. जब इसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे, तो समझ लें कि सूजी अच्छी तरह भुन गई है.
चीनी और पानी का घोल तैयार करें: दूसरी तरफ एक बर्तन में दो कप पानी गर्म करें. इसमें एक कप चीनी डालकर अच्छी तरह घुलने दें. आप चाहें तो इसमें केसर भी डाल सकते हैं. पानी गर्म होने से सूजी में मिलाने पर हलवा आसानी से पकता है.
सूजी में पानी मिलाएं: अब भुनी हुई सूजी में धीरे-धीरे गर्म पानी और चीनी का घोल डालें. इस दौरान सूजी को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें. पानी डालते समय सावधानी बरतें, क्योंकि गर्म मिश्रण के छींटे पड़ सकते हैं.
मेवे और इलायची डालें: जब सूजी पानी सोखने लगे और हलवा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें किशमिश, कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता डाल दें. इसके बाद इलायची पाउडर मिलाकर अच्छी तरह चलाएं.
हलवे को पकने दें: अब कड़ाही को 2 से 3 मिनट के लिए ढक दें और धीमी आंच पर हलवे को पकने दें. जब घी हलवे के किनारों पर दिखाई देने लगे और हलवा अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें. आपका स्वादिष्ट सूजी का हलवा तैयार है. इसे गर्मागर्म पूरी और काले चने के साथ मां दुर्गा को भोग लगाएं.
ध्यान रखें ये बातें
सूजी का हलवा बनाने में घी और पानी का सही अनुपात बहुत जरूरी है. एक कप सूजी के लिए आधा कप घी और दो कप पानी इस्तेमाल करें. सूजी को धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनने से उसका स्वाद और खुशबू बढ़ती है. पानी हमेशा गर्म डालें और इसे एक साथ डालने के बजाय धीरे-धीरे मिलाएं. इससे हलवे में गांठें नहीं पड़ेंगी और उसका टेक्सचर मुलायम बनेगा. आप अपनी पसंद के अनुसार मेवों की मात्रा कम या ज्यादा भी कर सकते हैं.

