बलिया शहर के ऑफिसर्स क्लब में शनिवार को मिलेट्स महोत्सव, रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के न्यूट्री सीरियल घटक और उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत आयोजित महोत्सव में श्रीअन्न से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 11 प्रतिभागियों ने श्रीअन्न से तैयार व्यंजन निर्णायक समिति के सामने प्रस्तुत किए। समिति ने व्यंजनों के स्वाद, गुणवत्ता और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। रेसिपी प्रतियोगिता में मां गायत्री स्वयं सहायता समूह, बहादुरपुर की शारदा देवी ने सांवा की खीर बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शक्ति स्वयं सहायता समूह, चंदुकी की लालसा देवी मड़ुआ की इडली के लिए दूसरे और सशक्ति आजीविका स्वयं सहायता समूह, बरवां हनुमानगंज की शकुंतला शर्मा बाजरे के लड्डू के लिए तीसरे स्थान पर रहीं। मिलेट्स की जानकारी देने वाली प्रतियोगिता भी हुई महोत्सव में मिलेट्स के गुणों और पोषण संबंधी विशेषताओं की जानकारी रखने वाले प्रतिभागियों के बीच भी प्रतियोगिता कराई गई। इसमें रणजीत कुमार यादव ने प्रथम, अधिराज सिंह ने द्वितीय और सोनाली पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल मिलेट्स महोत्सव में उद्यान, मत्स्य, पशुपालन और गन्ना विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से विभागीय योजनाओं, कृषि गतिविधियों और उपलब्ध उत्पादों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रीअन्न के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इसके उपयोग को प्रोत्साहित करना और मिलेट्स से बनने वाले विभिन्न व्यंजनों को लोकप्रिय बनाना रहा। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह ने किसानों को मिलेट्स की खेती और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने श्रीअन्न के उत्पादन और उपभोग को प्रोत्साहित करने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष अभिजीत कुमार तिवारी, मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, गड़वार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह सहित जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Source link
मिलेट्स महोत्सव में सांवा की खीर ने जीता पहला इनाम: बलिया में श्रीअन्न से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता में 11 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा – Ballia News
RELATED ARTICLES

