गोरखपुर जिलास्पताल से 10 साल की बच्ची को अगवा कर रेप और हत्या मामले में शुक्रवार को आठवें गवाह का बयान दर्ज किया गया। अपर सत्र न्यायाधीश और विशेष न्यायाधीश पाक्सो शमीम अहमद अंसारी की कोर्ट में पोस्टमार्टम टीम की सदस्य डा. अनीता सिंह राजपूत की गवाही ली गई। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राघवेंद्र त्रिपाठी और राम मिलन सिंह ने उनका मुख्य बयान दर्ज कराया। हालांकि बचाव पक्ष की बहस पूरी नहीं हो सकी। कोर्ट ने क्रॉस एग्जामिनेशन के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की है। जानकारी के मुताबिक बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए तीन डाक्टरों का पैनल गठित किया गया था। डा. अनीता सिंह राजपूत भी इस पैनल में शामिल थीं। शुक्रवार को उनकी गवाही के बाद चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल बृजेश सिंह और डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल भगत गौड़ ने प्रति परीक्षा शुरू की, लेकिन यह पूरी नहीं हो सकी। अब तक 7 गवाहों की गवाही हो चुकी मुकदमे में पीड़िता के पिता और बड़ी बहन समेत 7 गवाहों के बयान पहले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञ, कोतवाली के मुकदमा लेखक और स्कूल के प्रधानाचार्य शामिल हैं। मामले की सुनवाई पॉक्सो अदालत में चल रही है। 28 जुलाई की रात अस्पताल से लापता हुई थी बच्ची 28 जुलाई की रात 10 साल की बच्ची अपनी बड़ी बहन को खाना देने गोरखपुर जिला अस्पताल गई थी। उसकी बहन अस्पताल में भर्ती थी। इसी दौरान बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि पुलिस की वर्दी पहने एक युवक उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच की। इसमें डायल 112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव, निवासी गाजीपुर, पर बच्ची के अपहरण का आरोप सामने आया। 30 जुलाई को रोहिन नदी किनारे मिला शव पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की बात स्वीकार की थी। 30 जुलाई को चिउटहा में रोहिन नदी के किनारे बच्ची का शव बरामद हुआ था। मामले के बाद आरोपी सिपाही को नौकरी से बर्खास्त कर जेल भेज दिया गया। अब अदालत में गवाहों के बयान और पेश किए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर सुनवाई आगे बढ़ रही है।
Source link
गोरखपुर में पोस्टमार्टम टीम शामिल डॉक्टर का बयान दर्ज: 26 अक्टूबर को क्रॉस एग्जामिनेशन होगा, 10 साल की बच्ची से रेप- हत्या मामला – Gorakhpur News
RELATED ARTICLES

