औरंगाबाद में कुम्हार (प्रजापति) समन्वय समिति की ने रविवार को छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह सह नव निर्वाचित विधान परिषद सदस्य शिवरानी देवी प्रजापति एवं शीला पंडित के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। इसमें मैट्रिक-इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण जिले के 350 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड-नागरिक सुरक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया, गुंडाराज और जातिवाद के रूप में होती थी, लेकिन योगी सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बेटियां पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिलती है। बिहार में भी सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कभी औरंगाबाद जिले की पहचान नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में होती थी, लेकिन अब नक्सलवाद पर काफी हद तक अंकुश लगा है। ऐसे आयोजन हर समाज और हर जिले में होने चाहिए मंत्री ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह केवल पुरस्कार देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का माध्यम है। ऐसे आयोजन हर समाज और हर जिले में होने चाहिए। जब मेधावी बच्चों को सम्मानित होते दूसरे विद्यार्थी देखते हैं तो उनके अंदर भी बेहतर प्रदर्शन करने और ऊंचे लक्ष्य हासिल करने की इच्छा पैदा होती है। अभिभावकों को भी अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने राजनीतिक संगठन की चर्चा करते हुए कहा कि वे लोग केवल चुनाव के समय जनता के बीच नहीं जाते, बल्कि संगठन और सरकार के कार्यों के माध्यम से लगातार लोगों से जुड़े रहते हैं। चुनावी सफलता निरंतर जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों का परिणाम होती है।
टॉपर बच्चों को बाइक देने की घोषणा बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के जिला सचिव गया प्रजापति ने बताया कि जिले के 11 प्रखंडों से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है। मैट्रिक परीक्षा में 233 और इंटरमीडिएट में 128 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की थी। इस प्रकार कुल 361 विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों मेडल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि भविष्य में बिहार राज्य स्तर पर प्रजापति समाज के जो विद्यार्थी टॉप करेंगे, उन्हें बाइक-अन्य उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद की नवनिर्वाचित सदस्य शिवरानी देवी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री धर्मवीर प्रजापति, एमएलसी शिवरानी प्रजापति, बिहार प्रदेश कोषाध्यक्ष कविंद्र पाल, प्रदेश अध्यक्ष रूपेश पंडित, प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रजापति उर्फ पिंटू गुरु, जिलाध्यक्ष ललन प्रजापति, कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार और सचिव गया प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की बच्चियों की ओर से स्वागत गान से हुई। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र-पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
Source link

