कटिहार जिले में नशामुक्त भारत अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को नशे के नुकसान बताए जा रहे हैं। यह अभियान बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के निर्देश पर शुरू किया गया है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर मद्य निषेध विभाग ने कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर, शहीद चौक, मनिहारी बस स्टैंड और कलेक्ट्रेट परिसर में नुक्कड़ नाटक करवाए। नाटक का विषय ‘एक भूल- बर्बाद पूरा परिवार’ था। इसमें दिखाया गया कि शराब और नशे की लत से एक युवा का रोजगार, स्वास्थ्य और परिवार की खुशियां प्रभावित होती हैं। नाटक के अंत में कलाकारों ने लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। अभियान का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को शराब और अन्य नशीले पदार्थों के नुकसान बताना है। लोगों को पूर्ण शराबबंदी कानून और टोल फ्री नंबर 15545 की जानकारी भी दी जा रही है। नशे की लत से जूझ रहे लोगों को नशामुक्ति केंद्र पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, नशा करने वालों का सामाजिक बहिष्कार करने के बजाय उन्हें सुधारने में मदद करने का संदेश दिया जा रहा है। सहायक निदेशक, मद्य निषेध ने बताया कि नुक्कड़ नाटक मंडली जिले के हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज, पंचायत भवन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रस्तुतियां देगी। स्थानीय लोग भी इस पहल में शामिल हुए और अभियान का समर्थन किया।
Source link

