गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र की आवास विकास कालोनी स्थित रैन बसेरा में रविवार देर रात एक मकान के बाथरूम में 70 वर्षीय जमीला देवी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ घर में रहती थीं। शव दो दिन से बाथरूम में पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने मौत की पुष्टि हुई है। चेहरे, ठुड्डी और दाईं आंख के ऊपर भी चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में पुलिस हत्या और हादसे समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जमीला देवी की एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा दानिश दुबई में रहता है। घर में उनके साथ मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी रहती थी। रविवार को बेटी ने अपनी बड़ी बहन को मां के बारे में जानकारी दी। इसके बाद बड़ी बेटी रात 9:30 बजे घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने पुलिस को सूचना दी। फर्श पर पड़ा था शव
मौके पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो बाथरूम में जमीला देवी का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव से दुर्गंध आ रही थी। उनकी एक आंख क्षतिग्रस्त थी और ठुड्डी के नीचे कुतरने जैसे निशान थे। शुरुआत में आशंका जताई गई कि शव को चूहों ने क्षतिग्रस्त किया होगा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट को मौत का कारण बताया गया है।
मकान को लेकर चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जमीला देवी का एक अन्य मकान विशाल शामियाना हाउस के सामने है, जहां किरायेदार रहते हैं। आरोप है कि उनका बेटा मकान बेचना चाहता था, जबकि जमीला देवी इसके पक्ष में नहीं थीं। पुलिस इस बिंदु पर भी जानकारी जुटा रही है कि संपत्ति को लेकर परिवार में कोई विवाद तो नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।
Source link

