Last Updated:
Market holiday : शेयर बाजार निवेशकों में इस बात को लेकर कंफ्यूजन है कि आज, 10 नवंबर को स्टॉक मार्केट में कारोबार होगा या बाजार बंद रहेगा. आज दिवाली बलिप्रतिपदा का त्योहार है. अगर आप भी शेयर मार्केट में छुट्टी को लेकर असमंजस में हैं तो ये खबर पढकर आप अपनी उलझन दूर कर लीजिए.
सोमवार को शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ.
नई दिल्ली. आप भी अगर शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं और सुबह उठते ही मार्केट खुलने का इंतजार करने लगते हैं तो ये खबर आपके काम की ही है. आज मंगलवार, 10 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेगा. दिवाली बलिप्रतिपदा के त्योहार के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में किसी भी प्रकार का कारोबार नहीं होगा. इसके साथ ही आज इक्विटी (कैश), इक्विटी डेरिवेटिव्स (F&O) और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) जैसे सभी सेगमेंट्स में भी ट्रेडिंग बंद रहेगी. शेयर बाजार में अगला सामान्य कारोबारी सत्र कल यानी बुधवार, 11 नवंबर को ही अपने निर्धारित समय पर शुरू होगा.
रविवार को दिवाली के दिन आयोजित विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग में बाजार ने शुरुआती छलांग तो लगाई, लेकिन अंत में लाल निशान में बंद होकर पिछले नौ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके बाद सोमवार को भी शेयर बाजार में दिनभर भारी उठापटक देखने को मिली. निचले स्तरों से रिकवरी के बाद सेंसेक्स 107.25 अंक चढ़कर 81,106.65 पर और निफ्टी 58.25 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,044.65 के स्तर पर बंद हुआ.
बैंक शेयर चढे, IT और मेटल शेयरों की हुई पिटाई
सोमवार को बैंकिंग सेक्टर बाजार का सबसे बड़ा खेवनहार बनकर उभरा. खासकर सरकारी बैंकों (PSU Banks) के इंडेक्स ने 3.65 फीसदी की छलांग लगाई. बैंक निफ्टी और फार्मा शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली. वहीं दूसरी तरफ, आईटी शेयरों में 1.22 फीसदी और मेटल इंडेक्स में 0.46 फीसदी की गिरावट आई. ब्रॉडर मार्केट की बात करें तो निफ्टी मिडकैप में 0.29% और स्मॉलकैप में 0.10% की बढ़त रही, हालांकि 2,316 शेयर लाल निशान में बंद हुए.
हालिया उतार-चढ़ाव से ठीक पहले वाले हफ्ते में घरेलू बाजार ने ऐतिहासिक तेजी का स्वाद चखा था, जब एक ही हफ्ते में सेंसेक्स 6,569 अंक उछल गया था और निफ्टी में करीब 9 फीसदी की तूफानी तेजी आई थी. उसी बंपर रैली के दम पर बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप रिकॉर्ड ₹500 लाख करोड़ के पार पहुंच गया था.
About the Author

रुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …

