दरभंगा में लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर दरभंगा जंक्शन का माहौल भक्तिमय हो गया है। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही यात्रियों को छठ महापर्व की झलक देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन और रेल प्रशासन की ओर से स्टेशन को छठमय बनाने के लिए विशेष पहल की गई है। स्टेशन के मुख्य द्वार पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाया गया है। इसके एक तरफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई गई है। साथ ही छठ महापर्व की शुभकामनाओं का संदेश भी प्रदर्शित किया गया है।
यात्रियों को बिहार के लोक आस्था से जोड़ने की पहल दूसरे प्रदेशों से घर लौटने वाले और छठ के बाद वापस जाने वाले यात्रियों को बिहार की लोकआस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसी कड़ी में उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने दरभंगा जंक्शन पहुंचकर रेल प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। उनके प्रयास से स्टेशन के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण शुरू कराया गया है। प्लेटफॉर्म पर बजेंगे छठ के गीत अब प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे छठ गीत गूंजेंगे। इससे ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्रियों के बीच भी छठ का उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहेगा। उप विकास आयुक्त ने बताया कि छठ बिहार की पहचान, आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। इस पहल का उद्देश्य दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले और यहां से बाहर जाने वाले लोगों को महापर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता से परिचित कराना है। छठ पर यात्रियों की भीड़ को लेकर सख्त सुरक्षा व्यवस्था इधर, छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए दरभंगा जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीमें प्लेटफॉर्म से लेकर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया तक लगातार गश्त कर रही हैं। ट्रेनों के अंदर भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। सुरक्षा के लिए 15 ट्रेनी एसआई तैनात सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मधुबनी जिला पुलिस बल की ओर से 15 प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों (एसआई) की तैनाती की गई है। ये पुलिसकर्मी भी स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगातार गश्त कर रहे हैं। यात्रियों को यात्रा के दौरान सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अनजान से कोई सामान नहीं लेने की अपील रेल पुलिस की ओर से यात्रियों से अपील की जा रही है कि किसी अनजान व्यक्ति से खाद्य पदार्थ या अन्य सामग्री लेकर उसका सेवन नहीं करें। अपरिचित लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस या संबंधित रेलकर्मी को दें।
छठ महापर्व को लेकर दरभंगा जंक्शन पर दोहरी तैयारी की गई है। एक ओर 24 घंटे छठ गीतों के प्रसारण और आकर्षक स्वागत द्वार से यात्रियों को पर्व का एहसास कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर RPF-GRP और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।
Source link

