नई दिल्लीः IIT दिल्ली ने घोषणा की है कि जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) एडवांस्ड 2027 की परीक्षा का आयोजन 23 मई 2027 को किया जाएगा। संस्थान ने परीक्षा के लिए आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in भी लॉन्च कर दी है, जहां उम्मीदवार पात्रता मानदंड (eligibility criteria) देख सकते हैं और परीक्षा से जुड़े अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।
परीक्षा के दौरान बेसिक कैलकुलेटर इस्तेमाल कर सकेंगे छात्र
IIT दिल्ली ने यह भी पुष्टि की है कि JEE एडवांस्ड 2027 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को स्क्रीन पर एक बेसिक, नॉन-साइंटिफिक कैलकुलेटर (10-12 अंकों के डिस्प्ले वाला) उपलब्ध कराया जाएगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी आगे की घोषणाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
पात्रता नोटिस के अनुसार, उम्मीदवारों ने पहली बार 2026 या 2027 में कक्षा 12 या इसके समकक्ष परीक्षा दी होनी चाहिए, जिसमें भौतिकी (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) और गणित (Mathematics) अनिवार्य विषय रहे हों। जिन छात्रों ने पहली बार 2025 या उससे पहले कक्षा 12 की परीक्षा दी थी, वे पात्र नहीं होंगे, चाहे उनके पास कोई भी विषय रहा हो।
छात्रों को सिर्फ दो बार ही मिलेगा मौका
यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब इंजीनियरिंग के छात्र JEE एडवांस्ड में प्रयासों (attempts) की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 12,000 से अधिक छात्रों ने 2027 की परीक्षा के लिए तीसरे प्रयास की मांग करते हुए एक ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे। इस याचिका में शिक्षा मंत्रालय, IIT काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) से आग्रह किया गया था कि वे या तो लगातार तीन वर्षों में तीन प्रयास करने की अनुमति दें, या तीन साल की अवधि के भीतर दो प्रयास करने की छूट दें। हालांकि, JEE एडवांस्ड 2027 के लिए जारी पात्रता मानदंडों में लगातार दो वर्षों में दो प्रयासों की मौजूदा सीमा को ही बरकरार रखा गया है।
जो उम्मीदवार पहले ही JoSAA 2026 बिजनेस रूल्स के तहत किसी शैक्षणिक कार्यक्रम के माध्यम से IIT में प्रवेश ले चुके हैं, वे भी पात्र नहीं होंगे। यह प्रतिबंध उन सभी पर लागू होता है, चाहे उन्होंने उस कार्यक्रम को जारी रखा हो या ऑनलाइन रिपोर्टिंग/रिपोर्टिंग सेंटर के माध्यम से IIT की सीट स्वीकार की हो। जिन छात्रों का IIT में प्रवेश लेने के बाद एडमिशन रद्द कर दिया गया था, उन्हें भी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी।
https://jeeadv.ac.in/ पर मिलेगी सारी जानकारी
IIT दिल्ली ने कहा है कि उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से जुड़ी जानकारी और आगे की घोषणाओं के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट https://jeeadv.ac.in/ देखते रहें। जैसे-जैसे परीक्षा की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस पोर्टल पर उम्मीदवारों के लिए जरूरी विवरण उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा की योजना बनाने से पहले उम्मीदवारों को योग्यता की शर्तों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।
ये भी पढ़ेंः IIT खड़गपुर में होगी मेडिकल की पढ़ाई, सरकार ने दी मंजूरी, 2027 सत्र में छात्र ले सकेंगे एडमिशन

