Saturday, November 14, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशकर्ज लेकर बेटे का अंतिम संस्कार, झाड़ू-पोंछा कर चुकाएगी मां: जहरीली...

कर्ज लेकर बेटे का अंतिम संस्कार, झाड़ू-पोंछा कर चुकाएगी मां: जहरीली शराब से 13 मौतें, परिजन बोले- रो-रोकर बीती दिवाली; सरकार से नहीं मिली मदद – Dewas News


देवास के चंदाना-बिंजाना जहरीली शराब कांड में 13 लोगों की मौत के 25 दिन से ज्यादा बीत चुके हैं। दीपावली भी गुजर गई, लेकिन पीड़ित परिवारों के घरों में खुशियां नहीं लौटीं। किसी मां ने बेटे के नुक्ते के लिए कर्ज लिया, अब उसे चुकाने दूसरों के घरों में झाड

.

किसी पत्नी की जिंदगी बिस्तर पर पड़े पति की 24 घंटे देखभाल में गुजर रही है, तो तीन बेटियां अब भी पिता के लौटने का इंतजार कर रही हैं। अपनों को खोने के दर्द के साथ इन परिवारों के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य का संकट भी है।

भास्कर ने तीन पीड़ित परिवारों से जाना कि हादसे ने उनकी जिंदगी कैसे बदल दी। 25 दिन बाद भी किसी परिवार को मुआवजा या आर्थिक मदद नहीं मिली। उन्हें आज भी सरकार से मदद का इंतजार है।

हाथ में बेटे की तस्वीर लिए शोक करती महिला।

मां के सामने परिवार चलाने का संकट

कलाबाई के लिए 15 अक्टूबर जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गया। इसी दिन जहरीली शराब पीने से उनके बेटे दिलीप की मौत हो गई। दिलीप ही परिवार में अकेला कमाने वाला था।

बेटे की मौत के बाद सामाजिक परंपरा के मुताबिक नुक्ते का कार्यक्रम करना था। इसके लिए कलाबाई ने 20 से 25 हजार रुपए की सामग्री उधार ली। बेटे को खोने का दुख अभी कम भी नहीं हुआ था कि अब इस कर्ज को चुकाने की चिंता सताने लगी है।

कलाबाई कहती हैं- बेटा ही घर में कमाने वाला था। उसके जाने के बाद समझ नहीं आ रहा कि परिवार कैसे चलेगा। कलाबाई को अब तक न मुआवजा मिला है और न कोई आर्थिक मदद। उन्हें सिर्फ कागजी कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है।

बेटी अपने पिता के इंतजार में बैठी।

बेटी अपने पिता के इंतजार में बैठी।

बेटियों को अब भी पिता के लौटने का इंतजार

जितेंद्र चौधरी की मौत के बाद पत्नी सपना और उनकी तीन बेटियों की जिंदगी बदल गई है। परिवार में अब कमाने वाला कोई नहीं है। दो छोटी बेटियों को अब भी लगता है कि पिता बीमार हैं और अस्पताल से ठीक होकर घर लौट आएंगे। उन्हें शायद अभी यह अहसास नहीं कि पिता अब कभी नहीं लौटेंगे।

सपना बताती हैं कि जितेंद्र ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभालते थे। उनकी कमाई से बेटियों की पढ़ाई, फीस और घर का खर्च चलता था। इस बार दीपावली भी परिवार ने मातम में बिताई। सपना कहती हैं कि पति के साथ घर की खुशियां भी चली गईं।

हर त्योहार पर वे बेटियों के लिए कुछ न कुछ लाते और उनकी हर मांग पूरी करते थे। अब त्योहार आते हैं, लेकिन पिता नहीं। परिवार को अब तक कोई मुआवजा या आर्थिक मदद नहीं मिली है। सपना के सामने तीनों बेटियों की पढ़ाई, परवरिश और भविष्य की चिंता है।

राकेश बिस्तर पर आ गए हैं। मां-पत्नी उनकी देखभाल कर रहे।

राकेश बिस्तर पर आ गए हैं। मां-पत्नी उनकी देखभाल कर रहे।

पति बिस्तर पर, 24 घंटे देखभाल में गुजर रही पत्नी की जिंदगी

राकेश की पत्नी सुनीता के लिए जहरीली शराब कांड का दर्द हर दिन नई चुनौती लेकर आता है। जिस पति के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी, आज वही बिस्तर पर हैं। उनकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी सुनीता पर आ गई है।

राकेश करीब 10 दिन तक इंदौर के अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहे। अब उनकी आंखों की रोशनी चली गई है। वह ठीक से देख नहीं पाते और थोड़ा-बहुत सुन पाते हैं।

सुनीता बताती हैं कि पति को 24 घंटे किसी न किसी की जरूरत रहती है। बच्चों और सास के साथ मिलकर उनकी देखभाल करनी पड़ती है। इस वजह से वह काम पर भी नहीं जा पातीं। राकेश ही परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनकी बीमारी के बाद घर की कमाई भी बंद हो गई है।

दीपावली पर भी सुनीता का पूरा समय पति की देखभाल में बीता। परिवार का कोई न कोई सदस्य हर वक्त उनके पास रहता है। एक तरफ पति की सेवा की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ घर चलाने की चिंता।

इस तरह से बिस्तर पर ही सोता रहता है।

इस तरह से बिस्तर पर ही सोता रहता है।

25 दिन बाद भी आर्थिक मदद का इंतजार

जहरीली शराब कांड के बाद परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। गंभीर हालत में बचे लोगों के परिवार भी आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस ने मुआवजे की मांग उठाई थी। प्रशासन की टीमें भी गांवों में जाकर पीड़ित परिवारों से मिल चुकी हैं। जांच और कार्रवाई के बीच इन परिवारों का सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है- घर कैसे चलेगा और जिंदगी दोबारा पटरी पर कैसे लौटेगी?

अपना दर्द सुनाते परिजन

…………………….

यह खबर भी पढ़ें

एमपी में 3 महीने में तीसरा शराब कांड, 13 मौतें:

मध्य प्रदेश में तीन महीने के भीतर तीसरा शराब कांड सामने आया है। सागर के बाद देवास में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत का दावा किया गया है।

चंदाना और बिंजाना गांव में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच 13 मजदूरों की जान गई। 10 मृतकों के परिजन जहरीली शराब को मौत की वजह बता रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments