Last Updated:
Winter Chana Saag Recipe: सर्दियों में चने की सब्जी या चने का साग आप लोगों ने खूब खाया होगा. लेकिन, बुंदेलखंड में बनने वाले चना भाजी की बात ही अलग है. यह इतना स्वादिष्ट होता है कि इसे क्षेत्र में राजा भाजी भी कहा जाता है. इसे बनाने का तरीका भी कुछ अलग है. जानें इसकी पूरी रेसिपी…
Chana Bhaji Recipe: आपने कभी बुंदेलखंड की प्रसिद्ध डिश चने की भाजी खाई है. वैसे तो चने की भाजी हर जगह बनाई जाती है, लेकिन बुंदेलखंड में बनी चने की भाजी को खास बनाता है उसका तड़का. बुंदेलखंड की ये रेसिपी आसानी से घर पर बनाई जा सकती है. यह न केवल एक पारंपरिक व्यंजन है, बल्कि इसकी खासियत उसका स्वाद भी है, जो हर किसी को लुभाता है. मिट्टी के दीपक में सरसों तेल के साथ लहसुन का तड़का लगाने के बाद इसका स्वाद और भी अधिक लाजवाब हो जाता है. छतरपुर की गृहिणी राजकुमार बताती हैं कि बुंदेलखंड में चना भाजी को सभी भाजियों में ‘राजा भाजी’ कहा जाता है. ठंड में तो ये भाजी घर-घर बनाई जाती है.
चने की भाजी बनाने की सामग्री
ताजे चने की भाजी
2-3 चम्मच तेल
हींग
5-10 लहसुन की कलियां
1 चम्मच मूंग, मसूर या अरहर की दाल
2 चम्मच आटा
नमक और स्वाद अनुसार पानी
चने की भाजी बनाने की विधि
भाजी की तैयारी: सबसे पहले खेत से ताजा चने की भाजी तोड़कर लाएं या बाजार से चना भाजी खरीद लें. फिर हसिए से इसे काट लें, एक कटनी में जितनी भाजी आ सके उतनी काटकर तैयार कर लें.
तेल में तड़का: अब एक लोहे की कढ़ाई चूल्हे पर रखें. उसमें 2-3 चम्मच तेल डालें और तेल गर्म होने के बाद उसमें हींग और लहसुन की कलियों का तड़का लगाएं. लहसुन को अच्छी तरह से भूनने दें ताकि इसका स्वाद पूरी तरह से घुल जाए.
मसूर या मूंग दाल का छौंक: तड़का लगने के बाद, कढ़ाई में दरी हुई एक चम्मच मूंग, मसूर या अरहर की दाल डालें. इसे 10-15 मिनट तक अच्छे से गर्म करते रहें. यह दाल चने की भाजी के स्वाद को एक नया आयाम देती है.
भाजी डालें: अब कटी हुई चने की भाजी कढ़ाई में डालें और इसे अच्छे से मिला लें. फिर 2 चम्मच आटा डालकर भाजी में अच्छे से घोल दें. आटा भाजी को गाढ़ा बनाने में मदद करेगा.
पानी डालें: अब अगर भाजी में और पानी की आवश्यकता हो, तो थोड़ा पानी डाल सकते हैं. इसे कुछ देर पकने दें, जब तक भाजी पूरी तरह से गाढ़ी न हो जाए.
अब लगाना है दीपक से तड़का
राजकुमारी बताती हैं कि चना भाजी बनाने के अंतिम चरण में मिट्टी के दीपक में सरसों तेल डालना है. इसमें लहसुन कली डालना है. फिर आग में लहसुन गर्म करना है. इसके बाद चना भाजी में तड़का लगा देना है. लहसुन का ये तड़का चना भाजी को खास बना देता है. इस तरह आपकी चने की भाजी तैयार हो चुकी है. इसे रोटियों के साथ गरमा-गर्म परोसें. इस भाजी का स्वाद तब और भी बढ़ जाता है जब इसे अमरुद की चटनी, आंवले का अचार, हरी मिर्च और मूली के साथ खाया जाए.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…

