वाशिंगटन डी.सी.2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वॉयजर-1 इस समय करीब 61,155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है।
नासा का मशहूर अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 पृथ्वी से करीब 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच गया है। इसने एक लाइट-डे यानी प्रकाश की एक दिन में तय होने वाली दूरी पूरी कर ली है। इंसान की बनाई कोई दूसरी चीज अब तक इतनी दूर नहीं पहुंची है।
एक लाइट-डे का मतलब है वह दूरी, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। प्रकाश की रफ्तार करीब 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड है। इस हिसाब से एक लाइट-डे करीब 16 अरब मील (25.9 अरब किलोमीटर) के बराबर होता है।
अब पृथ्वी से भेजे गए रेडियो सिग्नल को वॉयजर-1 तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे। वहां से जवाब आने में भी इतना ही समय लगेगा। यानी इससे बातचीत करने में करीब दो दिन लग सकते हैं।
वॉयजर-1 ने 1998 में नासा के ही दूसरे अंतरिक्ष यान पायनियर-10 को पीछे छोड़कर सबसे दूर पहुंचने वाली इंसान की बनाई वस्तु का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। तब से यह लगातार अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है।
नासा ने 5 सितंबर 1977 को वॉयजर-1 को अंतरिक्ष में लॉन्च किया था। इसे अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से टाइटन/सेंटॉर-6 रॉकेट की मदद से रवाना किया गया था।
4 साल के मिशन के लिए बना था, 49 साल से कर रहा काम
- वॉयजर-1 को सितंबर 1977 में अंतरिक्ष में भेजा गया था। तब से इसने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।
- वॉयजर-1 का जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 भी है, जिसे 16 दिन पहले लॉन्च किया गया था। हालांकि, पहले लॉन्च होने के बावजूद वॉयजर-2 पीछे रह गया।
- इसकी वजह दोनों के लिए चुने गए अलग-अलग रास्ते थे। वॉयजर-1 को छोटा और तेज रास्ता दिया गया था, ताकि वह बृहस्पति और शनि तक जल्दी पहुंच सके।
- वहीं, वॉयजर-2 का रास्ता इस तरह तय किया गया था कि वह बृहस्पति और शनि के बाद यूरेनस और नेपच्यून तक भी जा सके।
- शुरुआत में दोनों यानों को सिर्फ पांच साल तक काम करने के लिए बनाया गया था। इनका मुख्य काम बृहस्पति और शनि ग्रहों की खोज करना था। लेकिन दोनों यान उम्मीद से करीब 10 गुना ज्यादा समय तक काम कर चुके हैं।
- वॉयजर-1 के मुकाबले उसका जुड़वां यान वॉयजर-2 अभी पृथ्वी से करीब 4.22 अरब किलोमीटर कम दूरी तय कर पाया है। दोनों अलग-अलग दिशाओं में अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हैं।

वॉयजर-1 ने शनि ग्रह की यह तस्वीर 16 नवंबर 1980 को खींची थी।
सौरमंडल से बाहर की दुनिया का अध्ययन कर रहे दोनों यान
वॉयजर-1 और वॉयजर-2 अब इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे हैं।
दोनों यान सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र से बनी एक विशाल सुरक्षा परत हेलियोस्फीयर को पार कर चुके हैं। वॉयजर-1 ने 2012 में और वॉयजर-2 ने 2018 में इस सीमा को पार किया था।
इन यानों को असल में ग्रहों की खोज के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इनसे तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
वैज्ञानिकों को अब यह समझना पड़ रहा है कि इन पुरानी मशीनों से ऐसा काम कैसे कराया जाए, जिसके लिए इन्हें मूल रूप से तैयार ही नहीं किया गया था।

वॉयजर-1 ने पृथ्वी की यह तस्वीर 14 फरवरी 1990 को ली थी। इसके सिर्फ 34 मिनट बाद उसका कैमरा हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। पृथ्वी अंतरिक्ष में एक छोटे से नीले बिंदु जैसी दिखाई देती है। यह बिंदु कैमरे में पड़ रही रोशनी के बीच नजर आता है।
वॉयजर को चालू रखने के लिए नासा की नई तरकीब
1. गैर-जरूरी उपकरण बंद किए
बिजली बचाने के लिए नासा ने धीरे-धीरे वैज्ञानिक और दूसरे उपकरण बंद किए। वॉयजर-1 के 10 वैज्ञानिक उपकरणों में से अब सिर्फ 2 काम कर रहे हैं। ये चुंबकीय क्षेत्र और आवेशित कणों का अध्ययन करते हैं।
2. बिजली का बंटवारा बदला
ज्यादा बिजली खर्च करने वाले 3 उपकरण बंद किए। उनकी जगह 3 दूसरे उपकरण चालू किए, जो कुल मिलाकर कम बिजली खर्च करते हैं। इससे करीब 10 वॉट बिजली की बचत हुई।
3. ईंधन की पाइप को गर्म रखा
अंतरिक्ष में बहुत कम तापमान होता है। ऐसे में यान के ईंधन के जमने का खतरा रहता है। नासा ने नए उपकरणों को इस तरह चुना कि यान के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी बनी रहे।
4. कंप्यूटर को गर्म रखा
यान के कंप्यूटरों को ठीक से काम करने के लिए एक निश्चित तापमान की जरूरत होती है। इंजीनियरों ने बिजली के इस्तेमाल में बदलाव करते समय यह ध्यान रखा कि कंप्यूटर ठंडे न पड़ें।
5. पुराने उपकरणों से नए काम लिए
वॉयजर को मूल रूप से बृहस्पति और शनि जैसे ग्रहों की खोज के लिए बनाया गया था। लेकिन अब इसका इस्तेमाल तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का अध्ययन करने में हो रहा है।
6. रेडियो संपर्क बनाए रखने की व्यवस्था बचाई
यान का एंटीना धरती की तरफ होना जरूरी है, ताकि वह आंकड़े भेज सके और नासा से निर्देश प्राप्त कर सके। इसके लिए ईंधन और दिशा नियंत्रित करने वाली व्यवस्था को चालू रखना जरूरी है।
10 लोगों की टीम संभाल रही 49 साल पुराने मिशन को
वॉयजर-1 को चलाने के लिए नासा की करीब 10 लोगों की टीम काम कर रही है। मिशन वैज्ञानिक लिंडा स्पिलकर के मुताबिक, टीम में 25 साल का युवा कम्युनिकेशन इंजीनियर भी है। उनके माता-पिता का जन्म भी वॉयजर-1 के लॉन्च होने के बाद हुआ था। वहीं, टीम में एक ऐसा विशेषज्ञ भी है, जो 90 साल का हो चुका है और मिशन के शुरुआती दिनों से इससे जुड़ा रहा है।
स्पिलकर भी 1977 में मिशन शुरू होने के समय से जुड़ी थीं। कुछ समय अलग रहने के बाद 2020 में फिर टीम में लौटीं। तब उन्हें लगा था कि यान कुछ साल ही और चल पाएगा, लेकिन यह आज भी काम कर रहा है।
यह तस्वीर अगस्त 1989 में वॉयजर-2 के नेपच्यून के पास से गुजरने के दौरान की है। बीच में लाल टी-शर्ट पहने लिंडा स्पिलकर हैं।
2029 तक बंद हो सकता है धरती से संपर्क
वॉयजर-1 की बिजली खत्म होने के कारण 2029 तक उससे संपर्क बंद हो सकता है। नेचर की रिपोर्ट के मुताबिक, वॉयजर-2 से भी 2031 तक संपर्क टूटने की आशंका है।
हाल ही में वॉयजर-1 से 48 घंटे तक संपर्क नहीं हो पाया था। बाद में यह फिर एक्टिव हुआ और संदेश भेजने लगा।
इसमें खराबी आने पर नासा के वैज्ञानिक धरती से ही निर्देश भेजकर इसे ठीक करते हैं। 2024 में इसकी कंप्यूटर चिप खराब हो गई थी, जिससे यह गलत डेटा भेजने लगा। वैज्ञानिकों ने महीनों तक प्रोग्राम में बदलाव किया और अप्रैल 2024 में इसे ठीक कर लिया। यान की दूरी इतनी ज्यादा है कि निर्देश भेजने और जवाब मिलने में करीब 2 दिन लगते हैं।
वॉयजर-1 गूगल पर ट्रेंड कर रहा है…

सोर्स- गूगल ट्रेंड्स
—————————-


