दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में छठ पर्व के दौरान चोरों ने एक खाली मकान को निशाना बनाया। मकान मालिक और किरायेदारों के पांच कमरों के ताले तोड़कर चोर 40 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना 15 नवंबर की रात करीब दो बजे की बताई गई है। मकान मालिक और सभी किरायेदार छठ मनाने अपने-अपने गांव गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीर कैद हुई है। पांच कमरों के ताले तोड़े, गोदरेज भी खंगाले जानकारी के अनुसार, चोरों ने मकान मालिक दीपेंद्र कुमार के कमरे से 50 हजार रुपए नकद और करीब पांच लाख रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। किरायेदार प्रतिभा कुमारी के कमरे से 15 हजार रुपए नकद और करीब 11 लाख रुपए के जेवरात, प्रमोद कुमार यादव के कमरे से 50 हजार रुपए नकद और करीब 15 लाख रुपए के जेवरात ले गए। रेखा सिंह के कमरे से करीब 25 हजार रुपए नकद और चार लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए। वहीं, संतोष कुमार सहनी के कमरे से भी 10 हजार रुपए नकद गायब मिले। गृहस्वामी दीपेंद्र कुमार ने बहादुरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी है। बेटियों की शादी के लिए जमा किए थे जेवर, सब ले गए चोर किरायेदार रेणु कुमारी ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से इस मकान में रह रही हैं। उनकी तीन जवान बेटियां हैं। उनकी शादी के लिए परिवार ने धीरे-धीरे सोने-चांदी के जेवर खरीदकर रखे थे। उनके और उनकी सास के करीब 15 लाख रुपए के जेवरात चोरी हो गए। इसके अलावा 50 हजार रुपए नकद भी चोर ले गए। रेणु ने भावुक होकर बताया कि परिवार ने 40 वर्षों तक एक-एक पैसा जोड़कर यह संपत्ति बनाई थी। छठ में गांव से लौटे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात गायब थे। अब समझ नहीं आ रहा कि बेटियों की शादी कैसे होगी। 12 साल से रह रहे किरायेदार, पहली बार हुई चोरी मकान मालकिन कल्पना कुमारी ने बताया कि छठ पर्व पर पूरा मकान खाली था। सभी किरायेदार अपने-अपने गांव गए थे। वह सबसे पहले गांव से लौटीं तो मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। अंदर जाने पर ग्रिल का ताला टूटा मिला। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। जांच करने पर पता चला कि मकान में रहने वाले किरायेदारों के कमरों के ताले टूटे हुए थे और गोदरेज खंगाले गए थे। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों से इस मकान में किरायेदार रह रहे हैं। सभी लोग हर साल छठ में गांव जाते हैं, लेकिन पहली बार इस तरह की घटना हुई है। उनके कमरे से भी 50 हजार रुपए नकद और करीब पांच लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए हैं। नकदी के साथ चांदी के सिक्के और नए नोटों के बंडल भी ले गए किरायेदार प्रतिभा सिंह ने बताया कि वह छठ पर्व पर गांव गई थीं। उनके घर से 15 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और चांदी के सिक्के चोरी हुए हैं। चोरों ने घर में रखे छोटे-छोटे नोट भी नहीं छोड़े। वहीं, रेखा सिंह ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव में छठ मनाने गई थीं। उनके घर से करीब पांच लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। घर में 10 और 20 रुपए के नए नोटों के बंडल भी रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। गांव से लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए जेवरात व नकदी बरामद करने की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस मकान मालिक दीपेंद्र कुमार ने बहादुरपुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीर कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
Source link

