कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग घाटों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था के अनुसार, कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग के लिए जा सकेंगे। कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर की ओर वाहनों का परिचालन सामान्य रहेगा। गायघाट जाने वाले वाहनों का रूट गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। गायघाट पुल के नीचे टेंपो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के आने पर रोक रहेगी। अगमकुआं आरओबी की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनुकी मोड़ व बिस्कोमान गोलंबर की ओर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक ही जा सकेंगे। गांधी मैदान की ओर से गायघाट और अशोक राजपथ जाने वाले वाहनों को एक्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा। गायघाट से अशोक राजपथ पर आने वाले वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इन्हें सीधे गांधी मैदान जाने की अनुमति नहीं होगी। जेपी सेतु पर भी रहेगा प्रतिबंध जेपी सेतु पर 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर को सुबह 11 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर की ओर से पटना आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। बस, ट्रक, हाईवा और जेसीबी समेत भारी वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा। लोगों से इस अवधि में सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने के लिए महात्मा गांधी सेतु का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की गई है। दीघा के रामजीचक से जेपी सेतु आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को पाटली पथ के उत्तरी छोर पर यू-टर्न कराकर पाटली पथ पर पार्क कराया जाएगा। पाटीपुल घाट, दीघा घाट, शिवा घाट और मीनार घाट जाने वाले श्रद्धालु अपने वाहन संबंधित घाटों के निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करेंगे। इसके बाद पैदल घाट तक जाएंगे। नगर बसों के लिए भी बदला रूट पटना जंक्शन और जीपीओ होते हुए बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी। इन बसों को गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर पार्क कराया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
Source link

