Last Updated:
सर्दियों में गुड़ और मूंगफली से बनी चिक्की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है. यह पारंपरिक मिठाई शरीर को गर्म रखती है और ऊर्जा प्रदान करती है. इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.
गुड़ और मूंगफली के दानों की चिक्की. Image AI
सर्दियों का मौसम आते ही गुड़ और मूंगफली से बनी चिक्की की याद आना हर किसी के लिये बहुत ही स्वाभाविक है. यह पारंपरिक भारतीय मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है. गुड़ शरीर को गर्म रखने में मदद करता है, वहीं मूंगफली प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट्स का अच्छा स्रोत है. यही कारण है कि चिक्की को सर्दियों का सुपरफूड भी कहा जाता है. इसे घर पर बनाना बेहद आसान है और कम सामग्री में यह स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाती है.
आवश्यक सामग्री
1 कप मूंगफली के दाने
¾ कप गुड़ (कद्दूकस किया हुआ)
1 छोटा चम्मच घी
चिकनाई लगाने के लिए थोड़ा घी
बनाने की विधि
- सबसे पहले मूंगफली के दानों को धीमी आंच पर भून लें. जब मूंगफली अच्छी तरह भुन जाए तो उसे ठंडा करके हल्के हाथों से रगड़कर उसके छिलके निकाल लें. अब मूंगफली को दो हिस्सों में तोड़ लें.
- इसके बाद एक कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें. गुड़ को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पिघलाएं. ध्यान रखें कि गुड़ अधिक न जले, वरना चिक्की का स्वाद खराब हो सकता है. गुड़ के पिघलकर गाढ़ा होने पर इसकी एक बूंद पानी में डालकर जांच लें. यदि बूंद तुरंत सख्त हो जाए तो समझिए कि गुड़ की चाशनी तैयार है.
- अब इसमें भुनी हुई मूंगफली डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि सभी दानों पर गुड़ की परत चढ़ जाए. एक प्लेट या बेलन वाली सतह पर घी लगाकर चिकना कर लें. तैयार मिश्रण को तुरंत उस पर फैलाएं और बेलन की सहायता से पतला बेल लें.
- जब मिश्रण थोड़ा गर्म रहे तभी चाकू से मनचाहे आकार में काट लें. पूरी तरह ठंडा होने के बाद चिक्की के टुकड़े अलग कर लें.
चिक्की खाने के फायदे
गुड़ और मूंगफली की चिक्की केवल स्वाद ही नहीं बढ़ाती बल्कि सेहत के लिए भी लाभदायक होती है. गुड़ में आयरन, कैल्शियम और कई आवश्यक खनिज तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की ऊर्जा बनाए रखने में मदद करते हैं. वहीं मूंगफली में प्रोटीन और अच्छे वसा होते हैं, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में सहायक होते हैं. सर्दियों में इसका सेवन शरीर को गर्माहट देने के साथ-साथ कमजोरी दूर करने में भी मदद कर सकता है.

