बक्सर में सोमवार को आरा-बक्सर फोरलेन पर नौ गोवंश से लदी पिकअप वैन पकड़ी गई। औद्योगिक थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के पास गौ रक्षा दल से जुड़े युवकों ने पीछा कर वाहन को रोका। इसके बाद चालक समेत दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पिकअप में गोवंश को ठूंसकर रखा गया था। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस और पशु क्रूरता निवारण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी गोवंश को विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया। सूचना मिलने पर किया पीछा जानकारी के अनुसार, गौ रक्षा दल के युवकों को सूचना मिली थी कि एक पिकअप में गोवंश को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने वाहन का पीछा किया और नायरा पेट्रोल पंप के पास उसे रोककर तलाशी ली। जांच में पिकअप से नौ गोवंश मिले। कार्रवाई में भाजपा नेता और वार्ड पार्षद दीपक सिंह, प्रियांशु कुमार, विवेक पांडेय, गोलू सिंह, निकू ओझा, पुतुल सिंह, नारायण उपाध्याय, प्रेम सिंह, अनूप श्रीवास्तव, किशन राय, रवि कुमार, अजीत सिंह, आशीष यादव, मौसम सिंह, ट्विंकल मिश्रा, आयुष ठाकुर, सूर्यांश राय और भाजपा प्रवक्ता प्रमोद मिश्रा शामिल थे। आवेदन मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पशु क्रूरता निवारण एनजीओ के दीपक कुमार ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए अब तक आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौ रक्षा दल से जुड़े युवकों की टोली पिछले कुछ समय से गोवंश ले जा रहे वाहनों को पकड़ रही है। पिछले महीने भी इसी टोली ने शहर के आईटीआई मैदान के पास गोवंश से भरा एक वाहन पकड़ा था।
Source link

