Tuesday, November 24, 2026
Homeफूडक्या आपने खाया है चमत्कारिक दूध का देसी व्यंजन? खासियत भी बेहद...

क्या आपने खाया है चमत्कारिक दूध का देसी व्यंजन? खासियत भी बेहद अजीबोगरीब


बलिया: क्या आपने कभी ऐसे दूध के देसी मिठाई के स्वाद का आनंद लिया है, जो उबालने पर बिना कुछ डाले अपने आप फट जाता है, लेकिन ऐसे दूध से भी पारम्परिक, बेहद स्वादिष्ट और देसी व्यंजन तैयार किया जा सकता है. जी हां बिल्कुल सही सुना है आपने, हम बात कर रहे हैं गाय के बच्चा देने के शुरुआती दिनों में मिलने वाले गाढ़े और पीले दूध की, जिसको खीस या कोलोस्ट्रम इनरी के नाम से जाना जाता है. लेकिन खासकर जनपद बलिया में इसको फेनूस ही कहा जाता है, जो गाय के बच्चा देने के लगभग 3 से 5 दिनों तक मिलता है.

इस दूध से गांव-देहात में पीढ़ियों से फेनूस तैयार किया जाता आ रहा है. यह दानेदार और बेहद स्वादिष्ट होता है. पहले जिसके घर गाय बच्चा देती थी, लोग दूध मांगने आते थे कि फेनूस बनाना है और यह दूध का फ्री में ही आदान-प्रदान होता था, जो अब कम हो गया है, क्योंकि हर चीज व्यवसायीकरण के रूप में बदलता जा रहा है. आगे विस्तार से जानते हैं.

दानेदार, गाढ़ा और बेहद स्वादिष्ट
58 वर्षीय आनंद नगर निवासी कप्तान लाल ने कहा कि यह दूध केवल शुरुआती कुछ दिनों तक ही फेनूस के योग्य होता है, उसके बाद दूध अपने आप नहीं फटता है. परंपरागत तौर पर लगभग 3 दिनों तक उपलब्ध रहने वाले इस दूध से बनने वाला फेनूस दानेदार, गाढ़ा और बेहद स्वादिष्ट होता है. हालांकि यह दूध गाय के बच्चे को भी पिलाया जाता है, क्योंकि इसमें प्रोटीन और खनिज तत्वों की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो गाय के बच्चे को स्वस्थ और मजबूत बनाती है. यही नहीं, यह नवजात बछड़े के लिए बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इसमें रोगों से लड़ने वाले एंटीबॉडी होते हैं. यह दूध उक्त व्यक्ति कप्तान ने बगल के विजेंद्र वर्मा के यहां से लाए थे, जिसका फेनुस बना रहे हैं.

कैसे बनता है फटे दूध का फेनूस?
इसको बनाने के लिए सबसे पहले गाय के शुरुआती दूध को किसी साफ बर्तन में लेना चाहिए. अब इसे लकड़ी या गैस की आंच पर गर्म करें. आप खुद देखेंगे कि गर्म होते ही दूध फटकर दानेदार होने लगेगा. इसका आप पनीर भी बना सकते हैं. अब इसमें अपने स्वाद अनुसार चीनी या गुड़ डाल दें. एक बात का ध्यान रखें कि हमेशा इसको चलाते हुए पकाना है, नहीं तो नीचे से जलने लगेगा.

स्वाद बढ़ाने के लिए करें ये चीज
अब इसका धीरे-धीरे पानी सूखने लगेगा और मिश्रण गाढ़ा होकर स्वादिष्ट दानेदार मिठाई बन जाएगा. बस इसमें गुड़ डालना है और यकीन मानिए इसका स्वाद आपको दीवाना बना देगा. अगर स्वाद को और मजेदार बनाना चाहते हैं, तो इसमें कटे हुए छुहारे, बादाम, काजू, किशमिश और नारियल भी मिला सकते हैं. इससे फेनूस का स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है, लेकिन साधारण भी बहुत स्वादिष्ट लगता है.

हालांकि यह दूध गाय के बच्चे के लिए भी जरूरी होता है. इससे फेनूस बनाने की परंपरा आज भी कई परिवारों में जीवित है. यह न केवल एक मिठाई है, बल्कि गांव की रसोई, बुजुर्गों की यादों और देसी खानपान की अनमोल विरासत भी है. केवल एक सप्ताह से भी कम दिनों की उपलब्धता, अनोखी बनावट और लाजवाब स्वाद के कारण फेनूस वाकई देसी स्वाद का खजाना है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments